

Highlights:
चक्रवात मुरासु के असर से विजयवाड़ा एयरपोर्ट की इंडिगो की 10 उड़ानें रद्द हो गईं।
चेन्नई में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
सोमवार को चेन्नई और तिरुवल्लुर में स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।
Andhra Pradesh Cyclone Alert: चक्रवात 'मुरासु' के कारण भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका को देखते हुए, सोमवार को चेन्नई और तिरुवल्लुर में स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है।
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र (RMC) द्वारा दोनों जिलों के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किए जाने के बाद, जिला प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इन्हें बंद रखने की घोषणा की है। अगले 24 घंटों के दौरान 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है।
उत्तरी तमिलनाडु के कई जिलों में भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए, राज्य राजस्व प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग ने जिला कलेक्टरों को 'हाई अलर्ट' पर रहने और आपदा प्रबंधन के लिए तय मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) को लागू करने का निर्देश दिया है।
आंध्र प्रदेश में चक्रवात 'मुरासु' के असर के कारण आज गन्नवरम हवाई अड्डे से उड़ान भरने वाली इंडिगो फ्लाइट्स की 10 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। उड़ानों के रद्द होने से विजयवाड़ा आने-जाने वाले यात्री प्रभावित हुए हैं।
हवाई अड्डा प्राधिकरण ने कहा यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे हवाई अड्डे के लिए निकलने से पहले एयरलाइन से अपनी उड़ान की स्थिति (फ्लाइट स्टेटस) जांच लें। चक्रवात के खतरे और खराब मौसम की संभावना को देखते हुए एयरलाइन एहतियाती कदम उठा रही है।
चक्रवात 'मुरासु' के दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ने के बीच तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में बारिश हो रही है। तमिलनाडु के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश हुई है और चेन्नई के कई इलाकों में पानी भर गया है।
चक्रवात 'मुरासु' इस समय चेन्नई से लगभग 250-260 किमी दूर है और दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश की ओर बढ़ रहा है, जहां इसके टकराने (लैंडफॉल) की संभावना है। चेन्नई हवाई अड्डे के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि खराब मौसम के कारण कुछ उड़ानें रद्द कर दी गई हैं।
यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अधिक जानकारी और सहायता के लिए अपनी संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। रविवार रात से ही चेन्नई, चेंगलपट्टू और तिरुवल्लुर जिलों के कई हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटों में, माधववरम में 11 सेमी और एन्नोर पोर्ट में 10 सेमी बारिश दर्ज की गई।
एक अधिकारी ने बताया कि नुंगमबक्कम में भी 10 सेमी भारी बारिश दर्ज की गई है। IMD ने चेन्नई के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है और प्रशासन ने आज शहर के स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। 'ऑरेंज अलर्ट' का मतलब है 11 से 20 सेमी तक की "बहुत भारी" बारिश।