Pargat Singh New Punjab Congress Chief: पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन हुआ है। कांग्रेस ने परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह बदलाव अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बाद हुआ है। वड़िंग ने शुक्रवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद अपना इस्तीफा सौंपा था। वह अप्रैल 2022 से पंजाब कांग्रेस की कमान संभाल रहे थे।
परगट सिंह जालंधर कैंट से विधायक हैं और पार्टी में पहले भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। कांग्रेस ने वड़िंग के कार्यकाल के दौरान उनके योगदान की सराहना की है। पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले यह बदलाव अहम माना जा रहा है।
कांग्रेस पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया कि परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया जाता है। वहीं, 2 अक्टूबर को इस्तीफा देने वाले अमरिंदर सिंह राजा वडिंग को उनके कार्यकाल के लिए धन्यवाद भी दिया गया है। अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस में राजा वडिंग और पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी के बीच खींचतान की खबरें सामने आती रही थीं।
इससे पहले छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस मामले को शांत करने की कोशिश की थी। हालांकि, इसके बाद सचिन पायलट को पंजाब भेजा गया। उनके विश्लेषण के आधार पर ही अमरिंदर राजा वडिंग का इस्तीफा हुआ और अब परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया है।
परगट सिंह पूर्व भारतीय हॉकी टीम के कप्तान रह चुके हैं। उन्हें अपने समय का एक होनहार डिफेंडर माना जाता था। उन्होंने 1992 के बार्सिलोना और 1996 के अटलांटा ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व किया था। हॉकी से संन्यास लेने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और जालंधर कैंट सीट से शिरोमणि अकाली दल के टिकट पर चुनाव लड़ा।
हालांकि, 2016 में उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के साथ मिलकर आवाज-ए-पंजाब का गठन किया। बाद में उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का दामन थाम लिया। वर्तमान में वह पंजाब में कांग्रेस के विधायक हैं।