

Raghav Chadha AAP Ex Girlfriend Remark: राघव चड्ढा शुक्रवार को गुरदासपुर में BJP की नशे के खिलाफ शुरू हो रही यात्रा में शामिल होने के लिए पहुंचे। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर कटाक्ष किया है। राघव चड्ढा ने कहा कि उनका हाल एक्स-गर्लफ्रेंड जैसा है। मुझे उनकी चिंता होती है कि कहीं किसी दिन मेरी याद में अपने हाथ की नसे न कांट लें।
BJP सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब के गुरदासपुर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "उनका (आम आदमी पार्टी) हाल उस एक्स-गर्लफ्रेंड जैसी है, जिसका बॉयफ्रेंड उसे छोड़कर आगे निकल गया और जिंदगी में आगे निकल गया है, लेकिन अब भी वो मेरे इश्क और प्यार में पागल हैं। मुझे उनकी चिंता होती है कि कहीं किसी दिन मेरी याद में अपने हाथ की नसे न कांट लें।"
पठानकोट के पास BJP नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हुए कथित हमले पर BJP सांसद राघव चड्ढा ने कहा, "AAP डरी हुई है। इसीलिए वे हमारी पार्टी के सदस्य रवनीत सिंह बिट्टू पर हमला करने की कोशिश कर रहे हैं। इससे पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति का भी पता चलता है। रवनीत सिंह बिट्टू जैसे पूर्व मंत्री जिन्हें Z-प्लस सुरक्षा मिली हुई है फिर भी ऐसे हमलों का शिकार हो सकते हैं। इसका मतलब है कि पंजाब में आम आदमी बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है।"
बता दें कि पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले BJP राज्य में शुरू से चार यात्राएं शुरू कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन इन यात्राओं का आगाज करेंगे। पंजाब BJP के उपाध्यक्ष रविकरण सिंह काहलों ने कहा कि पंजाब, पंजाब के युवा और यहां की जमीन को बचाने के लिए BJP प्रदेश में यात्रा निकालने जा रही है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन पहली यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह यात्रा 10 जिलों को कवर करेगी और 35 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान नशे के शिकार हुए युवाओं और परिवारों के मुलाकात की जाएगी। हमारा संकल्प और उद्देश्य पंजाब की धरती से नशे को खत्म करना है।
इसलिए इस यात्रा का नाम 'नशा मुक्त पंजाब' यात्रा रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब से नशे, गैंगस्टर और भ्रष्टाचार को खत्म करके एक अच्छी सरकार देनी है। यहां डबल इंजन की सरकार बनानी है, ताकि पंजाब को राष्ट्र में प्रथम स्थान पर लाया जा सके।
अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या पर रविकरण सिंह काहलों ने कहा, "पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति इस समय सबसे खराब है। दिनदहाड़े लोगों को गोली मारी जा रही है और पुलिसकर्मियों को भी नहीं बख्शा जा रहा है। आज हमारे पुलिसकर्मी एएसआई हरजीत सिंह, जो अमृतसर के गेट हकीमा में तैनात थे, की गोली मारकर हत्या कर दी गई।"
उन्होंने कहा, "मैं इस घटना की निंदा करता हूं और पंजाब पुलिस से अपील करता हूं कि वे अपनी कोशिशें तेज करें और पंजाब को बचाने के लिए इन सभी असामाजिक तत्वों का सफाया करें।" - एजेंसी इनपुट के साथ