CBI Raid in Punjab CM Office: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यालय में सीबीआई ने छापेमारी की कार्रवाई की है। यह रेड अधिकारियों के ट्रांसफर और पोस्टिंग से संबंधित मामले में की गई है। जांच एजेंसी की इस कार्रवाई पर सीएम मान ने नाराजगी जताई है। उन्होंने इस छापेमारी को भाजपा की चुनावी रणनीति से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
हाई कोर्ट के आदेश के अगले ही दिन सीबीआई ने छापेमारी की है। 5 अक्टूबर को हाई कोर्ट ने ट्रांसफर-पोस्टिंग मामले में सीबीआई जांच का निर्देश दिया था। अब मंगलवार को सीबीआई की टीम उनके घर पहुंची है।
यह कदम उस समय उठाया जा रहा है जब ट्रांसफर, पोस्टिंग और सरकारी कार्यों में कथित दखल से जुड़े मामले पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होने वाली है। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के निर्देश और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई ने मुख्यमंत्री के ओएसडी राजबीर घुमान सहित छह व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
एफआईआर दर्ज होने के बाद सीबीआई ने मंगलवार को चंडीगढ़ और पंजाब के आठ स्थानों पर एक साथ छापा मारा। इस कार्रवाई में लैपटॉप, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए।
सीबीआई के अनुसार जांच में आरोप है कि मुख्यमंत्री के ओएसडी और उनके सहयोगी अधिकारियों की पोस्टिंग को प्रभावित और कथित तौर पर उसमें हेरफेर करते थे। इनमें आईएएस और आइपीएस अधिकारियों की पोस्टिंग भी शामिल है।
साथ ही विभागीय कार्यवाही, नीतियों का निर्माण, प्रशासनिक स्वीकृतियां, टेंडर की शर्तें, लाइसेंस जारी करना, भूमि उपयोग में परिवर्तन, संपत्ति विवाद और राजस्व तथा भूमि से संबंधित मामलों में कथित तौर पर आर्थिक लाभ के बदले प्रभाव डालने के आरोप लगाए गए हैं।
जांच एजेंसी ने आरोप लगाया है कि कुछ सरकारी कर्मचारियों ने सरकारी आदेश और नीतियां जारी होने से पहले उनके ड्राफ्ट निजी व्यक्तियों को प्रदान किए। सीबीआई अब जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की जांच करेगी ताकि यह समझा जा सके कि इनका उपयोग कथित रिश्वतखोरी और अनियमितताओं में कैसे किया गया।
सीबीआई ने पंजाब के मुख्यमंत्री के ओएसडी नितिन गोहल, राजबीर घुमान, जितिन गोहल उर्फ राजा, रोमी राजा महाजन, बीर देविंदर और आरएस नागरा को नामजद किया है। इसके साथ ही अज्ञात सरकारी कर्मचारियों और निजी व्यक्तियों को भी एफआईआर में शामिल किया गया है। सीबीआई के अनुसार, नामजद व्यक्तियों में दो सरकारी कर्मचारी, बिचौलिये और उनके सहयोगी शामिल हैं।
एफआईआर के बाद सीबीआई की टीमों ने चंडीगढ़, मोहाली, गुरदासपुर, लुधियाना, पटियाला, संगरूर और जालंधर में आरोपियों से जुड़े आठ स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इस कार्रवाई में मिले लैपटॉप, मोबाइल फोन और दस्तावेजों को जब्त कर उनकी जांच शुरू कर दी गई है।
एजेंसी इनसे कथित रिश्वतखोरी और अनियमितताओं से संबंधित सबूत जुटा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है। वहीं, आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत मान इस कार्रवाई को राजनीति से प्रेरित करार दे रहे हैं।