Woman Beaten Up In Odisha On Suspicion Of Witchcraft: आज हम भले ही 21वीं शदी में जी रहे हैं। विज्ञान के प्रयोगों को अपनाकर जीवन को सुलभ बना चुके हैं। लेकिन इसके बाद भी अंधविश्वास और जादू टोने की जड़े बहुत मजबूत हैं। इससे समाज को बाहर निकालना बहुत मुश्किल है। इसी बीच भीड़ द्वारा एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। यह पूरा मामला ओडिशा के भद्रक जिले का है।
जहां गड़े हुए खजाने और जादू-टोने के शक में लोगों ने प्रियातमा महांती को उसके घर से बाहर खींच लिया और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। मिली जानकारी के अनुसार महिला पर कथित तौर पर आरोप लगाया गया कि उसे जमीन में दबे खजाने और जादू-टोने से जुड़ी जानकारी है।
इसी शक के आधार पर गांव के कुछ लोगों ने उसके घर पहुंचकर उसे बाहर निकाला और उसके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि महिला को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में भी उसके साथ कथित तौर पर दोबारा हमला किया गया।
ओडिशा के भद्रक जिले की घटना है, जहां गांववालों को संदेह था कि प्रियातमा ने अपने घर के अंदर नरबलि से जुड़ा पूजा कराया जिसके बाद उसे गड़ा हुआ खजाना और खूब धन मिल गया। इसी वजह से गांववालों को उस पर तंत्र-मंत्र और जादू-टोना करने का शक हुआ। बाद में इस अंधविश्वास ने हिंसक रूप ले लिया और ग्रामीणों ने महिला को निशाना बना दिया।
इस घटना से पहले प्रियातमा से जुड़ी एक नाबालिग लड़की के कथित तौर पर देवी के वशीभूत होने जैसा व्यवहार करने की बात भी शिकायत कही गई है। इसके बाद गांववालों का गुस्सा भड़क गया। आरोप है कि लोगों ने प्रियातमा को उनके घर से बाहर खींच लिया और उनके साथ बुरी तरह मारपीट शुरू कर दी।
महिला की गांववालों ने बेरहमी के साथ पिटाई की। पीड़िता को उसका भाई ऑटो रिक्शा से अस्पताल लेकर जाने लगा। ग्रामीण का गुस्सा शांत नहीं हुआ और रास्ते में ऑटो को रोककर महिला के साथ दोबारा मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। इस मामले को लेकर पुलिस जांच में जुट गई है।