Agra: ट्रेन में अकेले सफर कर रहे हैं तो रहें सावधान! पहले दोस्ती फिर नशीली चाय और लूट...जानिए पूरा मामला

Agra Poisoning Robbery: आगरा-जयपुर रेल रूट पर जहरखुरानी की घटना सामने आई है। आरोपी ने जयपुर से आगरा आ रहे छात्र से दोस्ती कर अछनेरा में चाय पिलाई, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ने पर सामान लेकर फरार हो गया
 Agra-Jaipur Train Poisoning Robbery: Passenger Drugged With Tea, Belongings Stolen
आगरा पुलिस(सोर्स- फोटो नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Agra Jaipur Train Poisoning Robbery: अगर आप ट्रेन से सफर कर रहे हैं और अकेले हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। आगरा-जयपुर और आगरा-इटावा रेल रूट पर जहरखुरानी करने वाले शातिर अपराधियों से यात्रियों को सावधान रहने की जरूरत है। इन अपराधियों का तरीका बेहद सामान्य दिखाई देता है। वे पहले अकेले सफर कर रहे यात्री से बातचीत शुरू करते हैं, धीरे-धीरे दोस्ती बढ़ाते हैं और फिर विश्वास में लेकर खाने-पीने की चीजें ऑफर करते हैं। यात्री जैसे ही इनके झांसे में आता है, वारदात को अंजाम दे दिया जाता है।

पहले दोस्ती, फिर नशीली चीज देकर बेहोशी और सामान साफ

जहरखुरानी करने वाले अपराधी खास तौर पर ऐसे यात्रियों पर नजर रखते हैं जो अकेले सफर कर रहे होते हैं। बातचीत के दौरान वे यात्री का भरोसा जीतने का प्रयास करते हैं। इसके बाद चाय, पानी या खाने की कोई चीज देने की पेशकश की जाती है। इन खाने पीने चीजों में बेहोशी लाने वाली दवा, जैसे अल्प्राजोलम आदि मिलाई जाती है।

 Agra-Jaipur Train Poisoning Robbery: Passenger Drugged With Tea, Belongings Stolen
BJP से टिकट नहीं मिला तो सपा में आए संजयन त्रिपाठी, अखिलेश ने बनाया MLC उम्मीदवार

नशीला पदार्थ शरीर में पहुंचने के बाद यात्री की हालत बिगड़ने लगती है और वह धीरे-धीरे अचेत होने लगता है। यात्री के बेहोश होते ही अपराधी उसके बैग, पर्स, मोबाइल, नकदी और अन्य सामान लेकर फरार हो जाते हैं। कई बार पीड़ित को यह तक पता नहीं चल पाता कि उसके साथ कब और कहां वारदात हुई।

जयपुर से आगरा आ रहे छात्र को बनाया था निशाना

दो अक्टूबर को मथुरा के होली गेट निवासी आलिम खान पुत्र आसिफ खान को निशाना बनाया गया। आलिम खान जयपुर में पढ़ाई करता है और जयपुर से आगरा आ रहा था। सफर के दौरान उसकी आरोपी सफरुद्दीन उर्फ सरफराज निवासी टूडला से मुलाकात हुई।

जीआरपी के अनुसार आरोपी ने पहले आलिम से दोस्ती की और इसके बाद अछनेरा में उसे चाय पिलाई। चाय पीने के बाद आलिम की हालत बिगड़ गई। वह आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर बेहोशी की हालत में उतरा। इसी दौरान आरोपी उसके बैग और पर्स को लेकर फरार हो गया।

 Agra-Jaipur Train Poisoning Robbery: Passenger Drugged With Tea, Belongings Stolen
सेवा संकल्प अभियान के तहत वाराणसी में रंगोली प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी पर करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी पर चोरी और जहरखुरानी की वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। पुलिस के अनुसार वह ट्रेनों में यात्रियों को निशाना बनाता था और आगरा-जयपुर रूट पर ऐसी वारदातों को अंजाम देता रहा है।

सफर में अनजान से दोस्ती से पहले सावधानी जरूरी

ट्रेनों में सफर के दौरान अनजान व्यक्ति से बातचीत करना सामान्य बात है, लेकिन खाने-पीने की चीजें स्वीकार करना यात्रियों के लिए जोखिम भरा हो सकता है। खासकर अकेले सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है।

रेल सफर में सावधानी ही सुरक्षा है। अनजान व्यक्ति की ओर से दी गई चाय, पानी या खाने की वस्तु लेने से बचें। किसी यात्री की गतिविधि संदिग्ध लगे तो तत्काल रेलवे पुलिस या ट्रेन में मौजूद संबंधित सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com