Yavatmal Cannabis Farming: घाटंजी पुलिस ने कुंभारी के एक खेत में कपास और तुअर की फसल की आड़ में अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के 848 पौधे जब्त कर गांजा की खेती का भंडाफोड़ किया हैं। प्राथमिक जानकारी के अनुसार जब्त गांजे का वजन करीब 5 क्विंटल बताया जा रहा है। जिले में गांजे की खेती के खिलाफ हुई इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में खलबली मच गई है।
कपास और तुअर के बीच गांजे के पौधे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पांढरकवडा रोड से सटे कुंभारी खेत परिसर में राजू रामजी सलाम (38), निवासी कुंभारी के तीन एकड़ खेत में कपास और तुअर की फसल के बीच गांजे की खेती की गई है। सूचना मिलते ही घाटंजी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खेत की जांच की। तलाशी के दौरान कपास और तुअर के पौधों के बीच गांजे के पौधे पाए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार जब्त किए गए 848 गांजे के पौधों का प्राथमिक वजन करीब 5 क्विंटल है।
पंचों की मौजूदगी में दोपहर करीब 12 बजे कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई, जो समाचार लिखे जाने तक शाम 8 बजे तक जारी थी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुमार चिंता, अपर पुलिस अधीक्षक अशोक थोरात तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी रॉबिन बंसल के मार्गदर्शन में घाटंजी के पुलिस निरीक्षक केशव ठाकरे, सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन राठौड़, दिनेश जाधव, राहुल खंडागले, प्रवीण तालकोपुलवार, अमोल कोवे, अरविंद चेमेटे, प्रलय खोबरकर सहित अन्य पुलिस कर्मचारियों ने की। राजस्व विभाग की ओर से नायब तहसीलदार अरुण भिसे तथा पटवारी विवेक बाबरे भी मौके पर उपस्थित थे।
घाटंजी थानेदार केशव ठाकरे ने एक दिन पहले ही मीडिया के माध्यम से नागरिकों से अपील की थी कि यदि किसी को मादक पदार्थों की खेती या बिक्री के संबंध में जानकारी मिलती है, तो वे तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखने का भरोसा भी उन्होंने दिलाया था। थानेदार ठाकरे की इस अपील के महज 24 घंटे के भीतर गांजे की इतनी बड़ी खेती का पर्दाफाश होने से पुलिस की कार्रवाई को विशेष महत्व दिया जा रहा है।