तालाब में डूबा लड़का प्रतीकात्मक तस्वीर सोर्स: सोशल मीडिया
यवतमाल

यवतमाल में बड़ा हादसा: टाकली तालाब में तैरने उतरे 3 छात्रों की डूबने से दर्दनाक मौत

Yavatmal Takli Lake: यवतमाल शहर से सटे टाकली तालाब में उतरे तीन कॉलेज छात्रों की डूबने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 4 बजे सामने आई। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची बचाव अभियान शुरू किया।

प्रमोद यादव

Yavatmal Takli Lake College Students News: यवतमाल शहर से सटे टाकली तालाब में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। तैरने के लिए तालाब में उतरे तीन कॉलेज छात्रों की डूबने से मौत हो गई। घटना दोपहर करीब 4 बजे सामने आई। तीनों छात्र जाजू कॉलेज में (B.Sc) की पढ़ाई कर रहे थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया गया।

मृतकों की पहचान पियुष विनोद यादव (19), प्रथमेश सुनील यादव (19) और प्रसाद नितीन सातपुते (19) के रूप में हुई है। पियुष और प्रथमेश पिंपलगांव क्षेत्र के रहने वाले थे, जबकि प्रसाद बोरगांवपुंजी, तहसील आर्णी का निवासी था।

फोटोशूट के बाद तालाब में उतरे

जानकारी के अनुसार, तीनों छात्र सोमवार दोपहर करीब 3 बजे दोपहिया वाहन से टाकली तालाब परिसर पहुंचे थे। वहां कुछ समय घूमने और फोटोशूट करने के बाद तीनों तालाब में तैरने के लिए उतर गए। बताया जा रहा है कि उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था। इसी वजह से वे धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए और डूब गए।

टाकली तालाब के किनारे छात्रों के कॉलेज बैग, कपड़े और चप्पलें मिलीं। कुछ देर बाद स्थानीय ग्रामीणों को स्थिति संदिग्ध लगी। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू कराया।

बचाव दल ने तीनों के शव निकाले

हादसे की खबर फैलते ही तालाब परिसर में ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की बड़ी भीड़ जमा हो गई। प्रशासन ने बचाव दल की मदद से तालाब में तलाशी अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद तीनों छात्रों के शव पानी से बाहर निकाले गए।

शवों की पहचान होने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। बचाव अभियान के दौरान परिजनों के विलाप से घटनास्थल का माहौल बेहद गमगीन हो गया। ग्रामीण थाना प्रभारी प्रवीण मानकर सहित तलाठी और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर मौजूद रहे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दो दिन पहले भी दो छात्राओं की मौत

टाकली तालाब की इस घटना से महज दो दिन पहले यवतमाल के पास बोरगांव डैम में भी दो युवतियों की डूबने से मौत हुई थी। 14 अगस्त को वाधवानी कॉलेज के विद्यार्थियों का एक समूह बोरगांव डैम परिसर में घूमने गया था। इसी दौरान समूह में शामिल दो छात्राएं पानी में डूब गई थीं। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने शहर और आसपास के जलाशयों में सुरक्षा व्यवस्था और युवाओं के सावधानी बरतने को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

TMC छोड़ BJP में शामिल हुईं अभिनेत्री कोयल मल्लिक को मिला बड़ा इनाम, पश्चिम बंगाल से मिला राज्यसभा का टिकट

नौकरशाही से सियासत तक: दिव्या मित्तल के बाद एम नागेश्वर राव की राजनीति में एंट्री, क्या UP में बदल रहा ट्रेंड?

पीएम किसान योजना: 24वीं किस्त का इंतजार कर रहे किसान पोर्टल पर तुरंत करें ये काम, नहीं अटकेगा पैसा

कोलकाता में मनाया जाएगा 19वां प्रवासी भारतीय दिवस, Gen-Z के लिए विशेष सेगमेंट; शेड्यूल जारी

अगर डॉलर के मुकाबले 99 तक गिरा रुपया, तो महंगा होगा पेट्रोल, पढ़ाई और विदेशी यात्रा, जानें किसको होगा लाभ