प्रतिबंध बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना, सूरत और भेस्तान स्टेशनों पर लागू।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने दी जानकारी।
वरिष्ठ नागरिकों और गर्भवती महिलाओं को प्रतिबंध से छूट।
चिकित्सा संबंधी समस्याओं वाले यात्रियों को भी मिलेगी राहत।
Western Railway Platform Ticket Ban At Six Stations Till November 15: दीपावली और आगामी छठ पूजा के दौरान रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। यात्रियों की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के उद्देश्य से मुंबई सेंट्रल मंडल के 6 प्रमुख स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री अस्थायी रूप से बंद कर दी गई है। यह प्रतिबंध 15 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक के अनुसार बांद्रा टर्मिनस, वापी, वलसाड, उधना, सूरत और भेस्तान रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेगा। त्योहारी सीजन में बड़ी संख्या में यात्रियों के आवागमन के साथ उन्हें छोड़ने और लेने आने वाले लोगों की भीड़ भी प्लेटफॉर्म पर बढ़ जाती है। इससे यात्रियों की आवाजाही और रेल परिचालन प्रभावित होने की आशंका रहती है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, त्योहारी सीजन में स्टेशनों पर यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। ऐसे में यात्रियों को छोड़ने और लेने आने वाले लोगों की वजह से प्लेटफॉर्म पर अतिरिक्त भीड़ जमा हो जाती है। इससे ट्रेनों के परिचालन और यात्रियों की आवाजाही में परेशानी हो सकती है।
इसी स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगाने का फैसला लिया गया है। पश्चिम रेलवे का उद्देश्य अनावश्यक भीड़ को कम करना, प्लेटफॉर्म पर आवाजाही सुचारु बनाए रखना और यात्रियों को सुरक्षित तरीके से ट्रेन में चढ़ने तथा उतरने की सुविधा देना है।
हालांकि, इस प्रतिबंध से वरिष्ठ नागरिकों, चिकित्सा संबंधी समस्याओं से जूझ रहे यात्रियों, गर्भवती महिलाओं और विशेष शारीरिक सहायता की जरूरत वाले लोगों को छूट दी गई है। पश्चिम रेलवे ने यात्रियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे बिना आवश्यक कारण प्लेटफॉर्म पर न जाएं और भीड़ नियंत्रण में रेल प्रशासन का सहयोग करें।