Samruddhi Mahamarg Accident: समृद्धि महामार्ग पर हुए भीषण हादसे में मृत सात लोगों के वारिसों तथा घायलों को मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि से आर्थिक मदद दिलाने के लिए पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सीधे संपर्क कर पहल की है। डॉ. भोयर ने 6 अक्टूबर को मुख्यमंत्री फडणवीस को निवेदन सौंपकर हादसे में प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की। मुख्यमंत्री ने निवेदन पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री सहायता कक्ष के प्रमुख को आवश्यक कार्रवाई तत्काल करने के निर्देश दिए हैं।
2 अक्टूबर की मध्यरात्रि समृद्धि हाईवे पर धामणगांव-पुलगांव के बीच सिंदी मेघे स्थित सोमनाथे ले-आउट के दुर्गादेवी मंडल के कार्यकर्ताओं के वाहन का ट्रक से भीषण हादसा हुआ था। इसमें सात लोगों की मौत हुई, जबकि 25 नागरिक घायल हुए। तहसीलदार की रिपोर्ट के अनुसार धामणगांव ग्रामीण अस्पताल में भर्ती छह मामूली घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वहीं सावंगी अस्पताल में 19 घायलों का उपचार किया गया।
हादसे के बाद प्रभावित परिवारों की स्थिति को देखते हुए पालकमंत्री डॉ. पंकज भोयर ने मुख्यमंत्री को निवेदन देकर मृतकों के वारिसों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से आर्थिक मदद देने की मांग की।
प्रशासन को तहसीलदार की प्राथमिक रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जिलाधिकारी की ओर से भी मृतकों के वारिसों को आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है। डॉ. भोयर ने मृतकों मृतकों के वारिसों के साथ हादसे में घायल करीब 25 लोगों के परिवारों को भी मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता निधि से आर्थिक मदद देने पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया है।
पालकमंत्री के निवेदन पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री सहायता कक्ष के प्रमुख को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इससे सिंदी हादसे में मृतकों के वारिसों और घायलों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना है।