Wardha FDA Raid Illegal Gutkha Seized: वर्धा जिले में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य एवं औषध प्रशासन (एफडीए) और पुलिस विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में अवैध गुटखा और सुगंधित तंबाकू जब्त किया। देवली थाना क्षेत्र के वायगांव (नि.) में की गई इस कार्रवाई के बाद अवैध तंबाकू कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों को 25 जून को गुप्त सूचना मिली थी कि वायगांव (नि.) में प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों का भंडारण किया गया है। सूचना के आधार पर एफडीए और पुलिस की टीम ने सतीश गंगाधर नांदे के घर पर छापा मारा। तलाशी के दौरान सुगंधित तंबाकू, गुटखा, पान मसाला और अन्य प्रतिबंधित तंबाकू उत्पाद बरामद किए गए। जब्त किए गए माल की कुल कीमत 32,826 रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के बाद देवली पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ संबंधित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ जिलेभर में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
यह भी पढ़ें:- गड़चिरोली में अवैध रेत खनन के दौरान बड़ा हादसा, सिंड्राई घाट पर मशीन के नीचे दबने से मजदूर की दर्दनाक मौत
यह संयुक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सदाशिव वाघमारे, खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त प्रफुल्ल टोपले तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी वंदना कारखेले के मार्गदर्शन में की गई। अभियान में थाना प्रभारी संदीप कापड़े, सहायक पुलिस निरीक्षक दरवरे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविराज धाबर्डे, गणेश बावणे, पंकज चामचोर, अमित पटले तथा एफडीए और पुलिस विभाग के अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और सुगंधित वर्धा जिले में तंबाकू के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की बिक्री या भंडारण की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए समय पर कार्रवाई की जा सके।