(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)  
महाराष्ट्र

उद्धव ठाकरे ने अब्दुल सत्तार पर साधा निशाना, कहा-सिल्लोड से इस 'दाग' को धोने के लिए एकजुट हो जनता

उद्धव ठाकरे ने अब्दुल सत्तार और उनके रिश्तेदारों पर सोयगांव और सिल्लोड में जमीन हड़पने का आरोप भी लगाया और कहा कि उन्होंने सरकारी जमीनों को हड़पने की कोशिश भी की है।

रीना पंवार

छत्रपति संभाजीनगर : संभाजीनगर में एक दिन पहले हुई प्रधानमंत्री मोदी की रैली के बाद शुक्रवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने भी यहां रैली को संबोधित किया। इस दौरान उद्धव ठाकरे ने मोदी पर कटाक्ष करते हुए सवाल किया क्या राकांपा (एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले अब्दुल सत्तार जैसे नेताओं के लिए प्रचार करना भाजपा की संस्कृति है।

गुरुवार को हुई रैली के दौरान पीएम मोदी ने विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि इस चुनाव में मुकाबला संभाजी महाराज को मानने वाले देश भक्तों और औरंगजेब का गुणगान करने वालों के बीच है। वहीं, आज हुई रैली में उद्धव ठाकरे ने अब्दुल सत्तार द्वारा दिए विवादित बयान को लेकर भाजपा को निशाने पर लिया। बता दें कि अब्दुल सत्तार सिल्लोड से विधायक हैं जो छत्रपति संभाजीनगर जिले का हिस्सा है, वे राज्य मंत्री भी हैं।

अब्दुल सत्तार पर लगाए गंभीर आरोप

शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख यहां एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के खिलाफ अपनी पार्टी के उम्मीदवार सुरेश बांकर के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। इस दौरान रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, "मैं प्रधानमंत्री से पूछना चाहता हूं कि क्या ऐसे लोगों के लिए प्रचार करना भाजपा की संस्कृति है। सत्तार ने कैमरे के सामने सुले के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। भाजपा ने कर्नाटक में प्रज्वल रेवन्ना, जो कि दुष्कर्म मामले में आरोपी हैं, के लिए भी प्रचार किया था।" ज्ञात हो कि जनता दल (सेक्युलर) के नेता रेवन्ना के खिलाफ कई लोगों ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे, जिसके बाद इस साल 31 मई को उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

मोदी की मुंबई रैली पर साधा निशाना

अब्दुल सत्तार पर हमलावर होते हुए ठाकरे ने कहा कि यहां की जनता को इस बार के चुनाव में "सिल्लोड से इस दाग (सत्तार) को धोने के लिए एकजुट होना चाहिए। ठाकरे ने अब्दुल सत्तार और उनके रिश्तेदारों पर सोयगांव और सिल्लोड में जमीन हड़पने का आरोप भी लगाया और कहा कि उन्होंने सरकारी जमीनों को हड़पने की कोशिश भी की है। अपने भाषण में ठाकरे ने कहा कि यहां चुनाव कार्यालय भी उस जमीन पर है जो अवैध रूप से सत्तार के पास है। उन्होंने सत्ता में आने पर इस मामले की जांच करने का वादा भी किया। इस दौरान ठाकरे ने मोदी की मुंबई रैली को लेकर भाजपा पर भी निशाना साधा और कहा कि इस रैली में काले कपड़े पहने मुस्लिम महिलाओं को शामिल होने की अनुमति नहीं दी गई। बता दें कि महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए 20 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। चुनाव प्रचार के लिए कुछ ही दिन बाकी हैं। 18 तारीख की शाम को यहां चुनाव प्रचार थम जाएंगे।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Explainer: कब-कब विवादों में घिरे धीरेंद्र शास्त्री? 10 बयानों पर हुआ विरोध, कई बार मांगनी पड़ी माफी

Diwali Trains: मुंबई-नागपुर के बीच 12 और स्पेशल ट्रेनें चलेंगी, 4 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग; जानिए शेड्यूल

राहुल ने PM मोदी को दी खुली चुनौती: बोले- डरिए मत, मंच पर आमने-सामने बैठिए; राजनाथ-समेत 4 नेताओं से की अपील

SIR: ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से नाम गायब तो भी भर सकेंगे फॉर्म-6, चुनाव आयोग ने दी बड़ी राहत

दिवाली-छठ पर यूपी-बिहार वालों को ट्रेनों में मिल सकता है कन्फर्म टिकट, रेलवे चला रहा करीब 2,000 स्पेशल ट्रेनें