ठाणे मनपा (सौ. सोशल मीडिया )
Thane News In Hindi: अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई में किसी भी तरह की बाधा न आए, इसके लिए ठाणे मनपा ने एक अनोखा आइडिया निकाला है, जिसमें कार्रवाई करने वालों को चाय, नाश्ता, पानी और खाने के लिए कहीं और न जाना पड़े, इसके लिए कार्रवाई स्थल पर ही चाय, नाश्ता, पानी और खाने की व्यवस्था की गई है।
सोमवार को इसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले और नागरिकों के विरोध के बाद दोपहर 3 बजे शुरू हुई कार्रवाई के बावजूद, मनपा कई इमारतों को खाली कराने में सफल रही है।
अधिकारियों का कहना है कि बुधवार से इन इमारतों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू हो गई है। ठाणे मनपा क्षेत्र में पिछले कुछ वर्षों में अवैध निर्माण हुए हैं और इनमें से कुछ के खिलाफ उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई है।
अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने कोर्ट का आदेश
- इस पर सुनवाई करते हुए न्यायालय ने इन निर्माणों को गिराने का आदेश दिया है। उच्च न्यायालय ने शील क्षेत्र में 11 और इमारतों के खिलाफ कार्रवाई करने का आदेश दिया था। इस आदेश के बाद, मनपा की टीम ने 11 में से 3 इमारतों को ध्वस्त कर दिया।
- शेष इमारतों में नागरिक रह रहे थे। उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया था। मानसून और त्योहारों के कारण मनपा ने यह कार्रवाई रोक दी थी।
हालांकि, दिवाली समाप्त होते ही, मनपा ने सोमवार से शेष 8 इमारतों पर कार्रवाई शुरू कर दी है
बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात
- अवैध इमारतों पर कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात हैं। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुबह से शाम तक एक ही स्थान पर खड़ा रहना पड़ता है।
- साथ ही, कार्रवाई के दौरान, मनपा के अधिकारियों और कर्मचारियों को नागरिकों के गुस्से का भी सामना करना पड़ता है और वे कहीं और नहीं जा पाते हैं।
- चाय, नाश्ता, पानी और भोजन की कमी और शौचालय की सुविधा न होने से उन्हें परेशानी होती है। वहीं, इमारतों पर कार्रवाई करने वाले कर्मचारी चाय, नाश्ता, पानी और भोजन के लिए अन्यत्र चले जाते हैं।
- इससे कार्रवाई में देरी होती है और एक दिन की कार्रवाई दो दिन तक बढ़ जाती है।
कार्रवाई रही जारी
इसी को ध्यान में रखते हुए, ठाणे मनपा ने एक अनोखा तरीका अपनाया है और कार्रवाई स्थल पर चाय, नाश्ता, पानी और भोजन की व्यवस्था की गई है। सोमवार दोपहर के बाद भी कार्रवाई जारी रहने के कारण मनपा दो इमारतों को खाली कराने में सफल रहा।