Thane TDR Row News: टीडीआर विवाद को लेकर राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरदचंद्र पवार) के राष्ट्रीय महासचिव डॉ। जितेंद्र आव्हाड ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि मामला केवल 2,800 करोड़ रुपये के टीडीआर तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी आड़ में 94 एकड़ जमीन से जुड़े करीब 4,000 करोड़ रुपये के कथित घोटाले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
पत्रकार वार्ता में डॉ आव्हाड ने आरोप लगाया कि चितलसर-मानपाड़ा स्थित 194 एकड़ वन भूमि में से 94 एकड़ पर वर्षों से गोदाम, पब, जुआ अड्डे और देह व्यापार जैसे अवैध कारोबार चल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस जमीन का व्यावसायिक इस्तेमाल कर करोड़ों रुपये की कमाई की जा रही है और अब इस भूमि को बेचने की तैयारी है।
आव्हाड ने कहा कि वन विभाग ने 19 जून को संबंधित कंपनी को टीडीआर नहीं देने का पत्र जारी किया है, फिर भी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे मामले में ठाणे महानगरपालिका की भूमिका भी सवालों के घेरे में है।
उन्होंने मांग की कि यदि पूरी 194 एकड़ जमीन जैव विविधता पार्क के लिए आरक्षित है तो पूरे क्षेत्र को उसी उद्देश्य के लिए विकसित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उनकी पार्टी कोठारी कंपाउंड में आंदोलन करेगी।
ये भी पढ़ें :- Thane Palghar District Cooperative Bank Election में महायुति में दरार, शिवसेना और भाजपा आमने-सामने
डॉ. जितेंद्र आव्हाड ने कहा कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो उनकी पार्टी कोठारी कंपाउंड में आंदोलन करेगी। उन्होंने सरकार और संबंधित विभागों से पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की। फिलहाल इस मामले में संबंधित पक्षों की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।