Thane Honey Trap Blackmailing Case: ठाणे के कासारवडवली इलाके में 57 वर्षीय कारोबारी ने एक महिला पर हनी-ट्रैप और ब्लैकमेलिंग के जरिए करीब 1.80 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगाया है।
शिकायत के अनुसार, महिला ने निजी फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 1.75 करोड़ रुपये और मांगे।
ठाणे में एक 57 वर्षीय कारोबारी के साथ कथित हनी-ट्रैप और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, फेसबुक के जरिए महिला से हुई पहचान के बाद कारोबारी ने उसे आर्थिक मदद दी, लेकिन बाद में महिला ने निजी संबंधों और फोटो-वीडियो को कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग का जरिया बना लिया। कारोबारी का आरोप है कि वह अब तक करीब 1.80 करोड़ रुपये दे चुका है, लेकिन इसके बावजूद धमकियां नहीं रुकीं। अगस्त 2026 में महिला ने कथित तौर पर निजी फोटो और वीडियो भेजकर 1.75 करोड़ रुपये और मांगे।
ठाणे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हिरानंदानी एस्टेट इलाके में रहने वाले 57 वर्षीय व्यवसायी की महिला से पहचान वर्ष 2018-19 के दौरान फेसबुक पर हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और दोस्ती गहरी हो गई।
शिकायत के मुताबिक, बाद में दोनों के बीच आपसी सहमति से शारीरिक संबंध भी बने। शुरुआत में महिला ने व्यक्तिगत समस्याओं, इलाज और अन्य जरूरतों का हवाला देकर कारोबारी से आर्थिक मदद मांगी। व्यवसायी ने भरोसा करते हुए किस्तों में करीब 4 से 5 लाख रुपये दिए।
व्यवसायी के अनुसार, सितंबर 2024 के बाद महिला ने कथित तौर पर इस रिश्ते को ब्लैकमेलिंग के लिए इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। शिकायत में आरोप है कि महिला ने परिवार को संबंधों के बारे में बताकर बदनाम करने, बलात्कार का मामला दर्ज कराने और खुद आत्महत्या कर उसे फंसाने की धमकी दी।
पारिवारिक बदनामी और कानूनी कार्रवाई के डर से कारोबारी उसकी मांगें पूरी करता रहा।
शिकायत के अनुसार, नवंबर 2024 से मई 2026 के बीच महिला ने अलग-अलग किस्तों में करीब 1.65 करोड़ रुपये लिए। इसके बाद 15 लाख रुपये और लिए गए, जिससे कुल रकम करीब 1.80 करोड़ रुपये हो गई।
आरोप है कि इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग स्क्रीनशॉट नहीं रुकी। अगस्त 2026 में महिला ने कारोबारी के निजी फोटो और वीडियो उसके व्हाट्सऐप पर भेजे और मामला खत्म करने के बदले 2 करोड़ रुपये की मांग की। कारोबारी के रकम कम करने के अनुरोध के बाद महिला कथित तौर पर 1.75 करोड़ रुपये लेने पर अड़ गई।
लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर कारोबारी ने कासारवडवली ठाणे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ कथित जबरन वसूली, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
व्यवसायी ने पुलिस को बताया कि उसके पास महिला के साथ हुई बातचीत के व्हाट्सऐप मैसेज, निजी फोटो-वीडियो, ब्लैकमेलिंग स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग समेत महत्वपूर्ण साक्ष्य मौजूद हैं। पुलिस इन साक्ष्यों की जांच कर आरोपी महिला की तलाश कर रही है।