Sadbhavana Manch Dombivli Distributes Study Material: सामाजिक सरोकारों के लिए सक्रिय सद्भावना मंच डोंबिवली ने शुक्रवार को उल्हासनगर स्थित आम्रपाली विद्यालय में एक सादे लेकिन प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 350 विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार की शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीडी सराफ ने की।
उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के प्रति समर्पित रहने और उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर मेहनत करने का संदेश दिया। सामग्री वितरण के दौरान उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुसार स्कूल यूनिफॉर्म सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सद्भावना मंच के उपाध्यक्ष अनिल कुमार गर्ग ने बताया कि मंच केवल शैक्षणिक सामग्री वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि समय-समय पर विद्यार्थियों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए भी कार्य करता रहा है। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी मंच की ओर से आम्रपाली विद्यालय में बच्चों की सुविधा के लिए ठंडे पेयजल की मशीन लगवाई गई थी, जिसका लाभ आज भी सभी विद्यार्थी नियमित रूप से उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी संस्था की प्राथमिकता है। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका मनीषा पवार ने किया, जिन्होंने मंच के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर अपने जीवन में सफलता प्राप्त करें।
यह भी पढ़ेः- थर्मल पावर प्लांट की चुनौतियों की समीक्षा, श्रम मंत्री आकाश फुंडकर ने दिए सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश
कार्यक्रम के समापन पर सद्भावना मंच के सुभाष चांडक तथा संस्था के अध्यक्ष एल.एस. कांबले ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मंच के संजय बाजोरिया, सत्यनारायण राठी, सत्यनारायण झंवर, संजय कदम और हरिश अरोरा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में शिक्षक और पालकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
विद्यालय के मुख्याध्यापक जितेंद्र पाटिल ने सद्भावना मंच द्वारा लगातार किए जा रहे सामाजिक एवं शैक्षणिक कार्यों की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण भी तैयार करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी मंच इसी प्रकार विद्यालय और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आगे आता रहेगा।