Mira Road Hawker Encroachment: मीरा रोड रेलवे स्टेशन के पास स्थित मुख्य पोस्ट ऑफिस और रेलवे टिकट रिजर्वेशन केंद्र के बाहर पार्किंग की जगह पर फेरीवालों के बैठने से नागरिकों और यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान पर दुकानें लगने के कारण पोस्ट ऑफिस और रेलवे रिजर्वेशन केंद्र आने वाले लोगों को दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े करने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल रही है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार यह परिसर बेहद व्यस्त रहता है। पोस्ट ऑफिस और रेलवे रिजर्वेशन काउंटर आसपास होने के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने काम के लिए पहुंचते हैं। इनमें आसपास के अलावा दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले नागरिक भी शामिल हैं।
पार्किंग स्थल के एक हिस्से पर फेरीवालों के बैठने और आसपास की दुकानों के सामने वाहन खड़े करने पर मनाही के चलते लोगों के सामने वाहन पार्क करने की समस्या खड़ी हो जाती है। कई बार लोगों को सड़क के किनारे या दूर जाकर वाहन खड़े करने पड़ते हैं।
पार्किंग की जगह उपलब्ध नहीं होने से परिसर की यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होने की बात स्थानीय नागरिकों ने कही है। वाहन खड़े करने को लेकर नागरिकों और फेरीवालों के बीच विवाद की स्थिति बनने की भी शिकायत है। इससे व्यस्त परिसर में अव्यवस्था बढ़ने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय नागरिक डीसूजा ने मीरा भाईंदर महानगरपालिका और पुलिस प्रशासन से पार्किंग स्थल को अतिक्रमण और फेरीवालों से मुक्त कराने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि जब तक पार्किंग की निर्धारित जगह खाली नहीं कराई जाती, तब तक समस्या का स्थायी समाधान मुश्किल है।
मीरा रोड स्थित इस इमारत में वर्ष 1996 में पालघर डाक मंडल अधीक्षक कार्यालय शुरू किया गया था। दो मंजिला इमारत के भूतल पर डाकघर, जबकि पहली मंजिल पर डाक विभाग का प्रशासनिक कार्यालय संचालित है।
इस कार्यालय में करीब 70 कर्मचारी कार्यरत हैं। डाक विभाग का कार्यक्षेत्र मीरा रोड से लेकर डहाणू और जव्हार तक फैला हुआ है। इसके चलते डाक संबंधी कार्यों के लिए अलग-अलग क्षेत्रों से नागरिकों का यहां नियमित आना-जाना रहता है। ऐसे में पार्किंग की सुविधा प्रभावित होने से आम नागरिकों की परेशानी और बढ़ रही है।