Mumbai Metro 13 Mira Bhayandar: मुंबई महानगर क्षेत्र में मेट्रो नेटवर्क को ग्रेटर मुंबई की सीमाओं से आगे बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण ने मीरा-भायंदर से विरार तक प्रस्तावित मेट्रो-13 कॉरिडोर का संशोधित प्रस्ताव राज्य सरकार को मंजूरी के लिए भेज दिया है।
बदले हुए रूट, भूमिगत सेक्शन और बढ़ी निर्माण लागत के कारण परियोजना की अनुमानित लागत अब 6,900 करोड़ रुपए से बढ़कर 17,724.99 करोड़ रुपए पहुंच गई है, यानी परियोजना लागत में करीब 88 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। एमएमआरडीए अधिकारियों के अनुसार मेट्रो-13 के अलाइनमेंट में बदलाव बेहतर राइडरशिप और वित्तीय व्यवहार्यता को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
पहले यह कॉरिडोर शिवाजी चौक (काशीमीरा) से विरार तक प्रस्तावित था। लेकिन अब इसका प्रारंभ भाईंदर से होगा और यह विरार के उत्तर में स्थित डोंगरपाड़ा तक जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि नया रूट पश्चिम रेलवे उपनगरीय लाइन के समानांतर चलेगा, जिससे लोकल ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम करने में मदद मिलेगी।
संशोधित योजना के तहत कॉरिडोर का शुरुआती स्टेशन भाईंदर स्थित सुभाष चंद्र बोस ग्राउंड होगा। यहां मुंबई मेट्रो-9 दहिसर ईस्ट-मीरा-भायंदर के साथ इंटरचेंज सुविधा उपलब्ध रहेगी। मेट्रो-9 का एक हिस्सा फिलहाल परिचालन में है। वहीं विरार छोर पर लाइन डोंगरपाड़ा तक जाएगी और विरार के नारंगी क्रिकेट ग्राउंड के पास कार डिपो विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
ये भी पढ़ें :- Mumbai CNG Price Hike: एमएमआर में सीएनजी के दाम 84 रुपये किलो पहुंचे, ऑटो-टैक्सी चालकों पर बढ़ा बोझ
पहले पूरी परियोजना एलिवेटेड ट्रैक पर आधारित थी, लेकिन अब इसमें अंडरग्राउंड सेक्शन भी शामिल किया गया है। नई योजना के अनुसार मेट्रो-13 कॉरिडोर की कुल लंबाई 24.9 किलोमीटर होगी। इस रूट पर सुभाष चंद्र ग्राउंड, नायगांव, छत्रपति शिवाजी महाराज चौक, जुचंद्रा, राजवली। गोलानी नाका, वसई, वीवीसीएमसी फायर स्टेशन, अचोले गांव, नालासोपारा ईस्ट, नालासोपारा वेस्ट, मोरया नगर, यशवंत नगर, विरार, वीवा कॉलेज, याजू पार्क और डोंगरपाड़ा समेत कुल 17 स्टेशन प्रस्तावित है।