Mira Bhayander Municipal Corporation: मीरा- भाईंदर मनपा की सार्वजनिक परिवहन सेवा (एमबीएमटी ) एक बार फिर सवालों के घेरे में है। रामदेव पार्क इलाके में यात्रियों से भरी मनपा बस तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क पर अचानक बंद हो गई।
बस को दोबारा स्टार्ट करने की चालक की कोशिश नाकाम रही, जिसके बाद यात्रियों को नीचे उतरकर बस को धक्का देकर सड़क किनारे करना पड़ा। व्यस्त समय में हुई इस घटना से यातायात प्रभावित होने के साथ यात्रियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मनपा परिवहन सेवा में इलेक्ट्रिक के साथ पुरानी डीजल बसें भी संचालित हो रही हैं। आरोप है कि पुरानी बसों में बार-बार तकनीकी खराबी आने के बावजूद इनके नियमित रखरखाव और सर्विसिंग पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जा रहा है। यात्रियों का कहना है कि बसों का बीच सड़क पर खराब होना अब आम समस्या बनती जा रही है।
बार-बार बसों के खराब होने से यात्रियों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों ने सवाल किया कि क्या बसों की नियमित सर्विसिंग और मेंटेनेंस वास्तव में हो रही है या फिर इसके नाम पर केवल कागजी कार्रवाई और बिलिंग की जा रही है। इससे पहले भी बसों के ब्रेक फेल होने और सड़क पर आग लगने जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही कुछ दिनों पहले मनपा परिवहन की एक चलती बस का पहिया निकलने की घटना घटित हुई थी।
यात्रियों का कहना है कि बस खराब होने के बाद तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने से कर्मचारियों, महिलाओं और विद्यार्थियों को विशेष परेशानी उठानी पड़ती है। यात्रियों ने मनपा प्रशासन से खराब बसों को तत्काल रूट से हटाने, नियमित तकनीकी जांच कराने तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार या अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सवाल यह है कि प्रशासन इन घटनाओं से सबक लेकर व्यवस्था सुधारेगा या किसी बड़े हादसे के बाद जागेगा?