हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन ने शहापुर तालुका के दो जिला परिषद विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किया।
दहिवली के 63 और भगदाल के 27 विद्यार्थियों सहित कुल 90 बच्चों को लाभ मिला।
विद्यार्थियों को स्कूल बैग, स्टेशनरी, किताबें, चप्पलें और अन्य शैक्षणिक सामग्री दी गई।
प्रत्येक कक्षा से एक मेधावी विद्यार्थी को 'एचएचएफ आदर्श विद्यार्थी पुरस्कार' मिला।
Shahapur Zilla Parishad School: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में स्थितव बदलापुर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन ने शहापुर तालुका के दो जिला परिषद विद्यालयों में शैक्षणिक सहायता कार्यक्रम आयोजित किया। दिवाली की छुट्टियों के बाद विद्यार्थियों को मिली इस विशेष सौगात से कुल 90 विद्यार्थियों को लाभ मिला।
फाउंडेशन के प्रतिनिधि रमाकांत अग्रवाल ने जानकारी दी कि दहिवली विद्यालय के 63 और भगदाल विद्यालय के 27 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। इसमें कॉपियां, चित्रकला पुस्तिका, रंग, पेन, पेंसिल, रबड़, शार्पनर, ज्यामिति पेटी, चप्पलें, स्कूल बैग तथा बालमित्र पुस्तकें शामिल थीं। छात्रवृत्ति परीक्षा की पुस्तकें भी दी गईं।
दहिवली विद्यालय को स्टील का जल फिल्टर भेंट किया गया। इसके अलावा आईडीबीआई तथा शिंदी ग्रुप के सहयोग से सभी विद्यार्थियों को नहाने के तौलिए वितरित किए गए। प्रत्येक कक्षा से एक मेधावी विद्यार्थी को 'एचएचएफ आदर्श विद्यार्थी पुरस्कार' प्रदान कर सम्मानित किया गया। दोनों विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए नाश्ते और भोजन की व्यवस्था भी की गई।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समितियों के सदस्य, शिक्षक और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। विद्यालय समितियों ने फाउंडेशन के सामाजिक प्रयास की सराहना की। सामाजिक सेवा के दस वर्ष पूरे कर चुका हेल्पिंग हैंड फाउंडेशन शिक्षा, चिकित्सा सहायता और जनकल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।
फाउंडेशन के प्रतिनिधि रमाकांत अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा और आगे बढ़ने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने इस पहल को सफल बनाने वाले सभी दानदाताओं, प्रायोजकों, स्वयंसेवकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान नई शैक्षणिक सामग्री और पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरों पर विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। शिक्षकों ने विश्वास जताया कि इस प्रकार के सहयोग से ग्रामीण विद्यार्थियों में पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ेगी और स्कूल छोड़ने की दर में भी कमी आएगी।
फाउंडेशन ने भविष्य में भी शहापुर तालुका के अन्य दुर्गम और पिछड़े क्षेत्रों के विद्यालयों में इसी तरह के शैक्षणिक और स्वास्थ्य जागरूकता अभियान चलाते रहने का संकल्प दोहराया है।