बदलापुर-पनवेल एक्सप्रेसवे की 4.16 किमी लंबी सुरंग का निर्माण पूरा।
एक्सप्रेसवे शुरू होने पर बदलापुर-पनवेल सफर 75 मिनट से घटकर 20 मिनट होगा।
मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे का 92% काम पूरा, जल्द मिलेगी ट्रैफिक जाम से राहत।
Badlapur Panvel Expressway Tunnel Completed: महामुंबई के कनेक्टिविटी मानचित्र में एक बड़ा और सकारात्मक बदलाव आने वाला है। ठाणे जिले के बदलापुर रायगढ़ के पनवेल के बीच आवागमन को बेहद आसान बनाने वाले एक्सप्रेसवे की 4।16 किलोमीटर लंबी सुरंग का निर्माण कार्य पूरा हो गया है।
इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के साथ तलासरी से पनवेल तक के हिस्से का काम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है और अगले दो महीनों में इस मार्ग के यातायात के लिए खुलने की संभावना जताई जा रही मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे के मुंबई-बड़ौदा खंड के तहत तलासरी से पनवेल तक के 150 किलोमीटर हिस्से का काम भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के ठाणे विभाग की देखरेख में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
अंबरनाथ तालुका के बदलापुर के पास बेंडशील गांव के बाहर पहाड़ को चीरकर पनवेल की दिशा में बनाई गई यह सुरंग अब तैयार है। वर्तमान में बदलापुर से पनवेल तक का सफर तय करने में कम से कम सवा घंटा लगता है, लेकिन इस मार्ग के शुरू होने के बाद यह दूरी सिमटकर महज 20 मिनट रह जाएगी।
साथ ही, इस परियोजना के जुड़ने से नई दिल्ली से मुंबई तक का सफर भी लगभग 12 घंटे में पूरा करना संभव हो सकेगा। पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखते हुए इसे इस तरह तैयार किया गया है कि माथेरान इको-सेंसिटिव जोन को कोई नुकसान न पहुंचे।
120 मीटर चौड़ी और कुल 8 लेन वाली इस आधुनिक सड़क पर हर 25 किलोमीटर की दूरी पर चढ़ने-उतरने की सुविधा दी जाएगी। ठाणे जिले में भिवंडी, कल्याण के पास रायता और बदलापुर के नजदीक जुईली गांव के पास से वाहन चालक एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर सकेंगे, जिससे स्थानीय नागरिकों का समय और ईंधन दोनों बचेगा।
बदलापुर के पास बेडशील गांव के नजदीक से पनवेल तालुका की ओर जाने वाली 4।16 किलोमीटर सुरंग का काम हाल ही में पूरा हुआ है, सुरंग के भीतर सड़क से जुड़े छोटे-मोटे काम एक महीने में पूरे हो जाएंगे। अब तक इस एक्सप्रेसवे का 92 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।सुहास चिटणीस, परियोजना निदेशक, मुंबई-बडौदा एक्सप्रेसवे
मुंबई-बड़ौदा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से देश के विभिन्न हिस्सों से जेएनपीटी बंदरगाह की ओर जाने वाले भारी वाहनों को सीधा मार्ग मिल जाएगा। इसके चलते ठाणे, नवी मुंबई, डोंबिवली और कल्याण जैसे व्यस्त शहरों के बीच लगने वाले ट्रैफिक जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
परियोजना अधिकारियों के अनुसार, बेडशील गांव के पास से पनवेल तालुका की ओर जाने वाली सुरंग के भीतर सड़क से जुड़े शेष छोटे-मोटे काम एक महीने में पूरे कर लिए जाएंगे। अब तक इस खंड का 92 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, जो इसके जल्द लोकार्पण का मजबूत संकेत दे रहा है।