एकनाथ शिंदे का हेलिकॉप्टर (सोर्स: सोशल मीडिया)
सोलापुर

फिर बचे एकनाथ शिंदे! हेलिकॉप्टर में आई तकनीकी खराबी, पहले भी 4 बार टल चुका है हादसा

Eknath Shinde Helicopter Engine Failure: महाराष्ट्र के डिप्टी CM एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर की बैटरी लो होने से दूसरा इंजन स्टार्ट नहीं हुआ। पंढरपुर दौरे के बाद उन्हें सड़क मार्ग से पुणे जाना पड़ा।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • पंढरपुर दौरे के बाद बैटरी लो होने से एकनाथ शिंदे का हेलिकॉप्टर स्टार्ट नहीं हुआ।

  • तकनीकी खराबी के कारण उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को सड़क मार्ग से पुणे जाना पड़ा।

  • इससे पहले भी खराब मौसम और तकनीकी कारणों से चार बार हादसा टल चुका है।

Eknath Shinde Helicopter Technical Snag Pandharpur: महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कुछ महीनों से नेताओं के हवाई सफर से जुड़ी घटनाएं लगातार चर्चा में हैं। पहले तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत, फिर उनके विमान हादसे की जांच को लेकर उठते सवाल और अब उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर में अचानक आई तकनीकी खराबी ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

19 नवंबर को पंढरपुर दौरे के बाद मुंबई लौटने की तैयारी कर रहे शिंदे का हेलिकॉप्टर अचानक स्टार्ट नहीं हुआ। तकनीकी खराबी के कारण उन्हें करीब 20 मिनट तक हेलिपैड पर इंतजार करना पड़ा। आखिरकार उन्होंने जोखिम लेने के बजाय सड़क मार्ग से पुणे जाने का फैसला किया।

शिंदे के हेलिकॉप्टर का दूसरा इंजन नहीं हुआ स्टार्ट

19 नवंबर को एकनाथ शिंदे कार्तिकी एकादशी की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पंढरपुर पहुंचे थे। मंदिर और चंद्रभागा नदी परिसर का निरीक्षण करने के बाद उन्हें मुंबई के लिए रवाना होना था। इसके लिए वह हेलिपैड पहुंचे और हेलिकॉप्टर में सवार भी हुए, लेकिन उड़ान भरने से पहले ही तकनीकी समस्या सामने आ गई।

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, हेलिकॉप्टर की बैटरी लो होने के कारण उसका दूसरा इंजन स्टार्ट नहीं हो पा रहा था। पहला इंजन चालू हो गया था, लेकिन दूसरे इंजन में आई परेशानी के कारण उड़ान संभव नहीं हो सकी। मौके पर मौजूद अधिकारियों और पुलिस ने किसी तरह का जोखिम नहीं लेने की सलाह दी। इसके बाद शिंदे ने हेलिकॉप्टर से यात्रा रद्द कर सड़क मार्ग से पुणे जाने का निर्णय लिया।

पहले भी हवा में टल चुका है शिंदे का सफर

एकनाथ शिंदे के हेलिकॉप्टर में तकनीकी खराबी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी उनके हवाई सफर के दौरान कई बार ऐसी परिस्थितियां बन चुकी हैं, जब उन्हें बीच रास्ते से लौटना पड़ा या यात्रा का कार्यक्रम बदलना पड़ा।

  • 7 मई 2026 को मुंबई से मुरबाड जाते समय शिंदे के हेलिकॉप्टर के रास्ते में अचानक तूफान और खराब मौसम आ गया। पायलट ने खतरे को भांपते हुए हेलिकॉप्टर वापस मुंबई की ओर मोड़ दिया। बाद में जुहू स्थित पवन हंस हेलीपैड पर सुरक्षित लैंडिंग कराई गई।

  • अक्टूबर 2024 में सतारा में खराब मौसम के कारण उनका हेलिकॉप्टर वापस लौट आया था।

  • अक्टूबर 2023 में मुंबई से सतारा जाते समय खराब मौसम के कारण सरकारी हेलिकॉप्टर को जुहू की ओर डायवर्ट करना पड़ा था।

  • जनवरी 2023 में तत्कालीन मुख्यमंत्री शिंदे के सरकारी विमान में तकनीकी खराबी आई थी। विमान उड़ान भरने के बाद वापस लौट आया था।

इन घटनाओं में खराब मौसम और तकनीकी समस्याएं अलग-अलग कारण रहे हैं। फिलहाल इन घटनाओं के बीच किसी साजिश या आपसी संबंध का प्रमाण सामने नहीं आया है।

अजित पवार विमान हादसा

महाराष्ट्र की राजनीति में हवाई सफर को लेकर सबसे गंभीर घटना 28 जनवरी 2026 को हुई थी। बारामती में हुए विमान हादसे में तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख अजित पवार की मौत हो गई थी। उनके साथ विमान में सवार चार अन्य लोगों की भी जान चली गई थी।

यह विमान VSR Ventures कंपनी का Learjet 45 था। हादसे के बाद विमान की तकनीकी स्थिति, उड़ान संचालन और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर कई सवाल उठे। जांच में देरी को लेकर भी लगातार सवाल पूछे जाते रहे हैं।

रोहित पवार ने फडणवीस पर लगाए गंभीर आरोप

अजित पवार विमान हादसे की जांच को लेकर 16 नवंबर को रोहित पवार ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर VSR Ventures के मालिकों को कथित तौर पर बचाने का आरोप लगाया।

रोहित पवार ने फडणवीस की एक पुरानी तस्वीर दिखाई, जिसमें वह VSR कंपनी के मालिक वी.के. सिंह के बेटे की शादी में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री के कंपनी के मालिकों से करीबी संबंध हैं।

भाजपा की बढ़ती भूमिका पर भी सवाल

अजित पवार के निधन के बाद भले ही राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की कमान सुनेत्रा पवार के हाथों में आ गई हो, लेकिन पार्टी के भीतर नेतृत्व और फैसले लेने की प्रक्रिया को लेकर सवाल लगातार उठ रहे हैं।

अजित पवार के जाने के बाद पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनके राजनीतिक प्रभाव और संगठन को एकजुट रखने की है। इस बीच पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ अलग-अलग मुलाकातें, पार्थ पवार की राजनीतिक भूमिका और सुनेत्रा पवार को पार्टी के अंदरूनी फैसलों की जानकारी नहीं दिए जाने की खबरों ने आंतरिक मतभेदों की चर्चा को हवा दी है।

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की फडणवीस के साथ मुलाकातों को लेकर भी असंतोष सामने आया था। ऐसे घटनाक्रमों के बीच राजनीतिक विश्लेषण में यह सवाल उठ रहा है कि क्या भाजपा महाराष्ट्र में अपने सहयोगी क्षेत्रीय दलों के राजनीतिक और संगठनात्मक फैसलों पर अधिक प्रभाव चाहती है?

TVK MLA वीएस बाबू का निधन, स्टालिन को हराकर बने थे राजनीतिक चर्चा का केंद्र, CM विजय ने जताया दुख

सैफ अली खान को मिली जान से मारने की धमकी, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के आरोपी जीशान अख्तर का नाम आया सामने

GTA 5 से GTA 6 तक: पीएम मोदी ने गेम के बहाने गिनाई 12 साल की तरक्की, कांग्रेस ने बताया क्रिमिनल Duo

कावेरी के लिए कड़ा संघर्ष, तमिलनाडु में नदी की रेत में दफन हुए किसान, कर्नाटक सरकार की मेकेदातु बांध पर बवाल

FICCI के शताब्दी सम्मेलन में PM मोदी का संबोधन, बोले- पिछले 12 वर्षों में भारत की अर्थव्यवस्था की तस्वीर बदली