अजित पवार मामले पर आक्रामक रुख से अपनी ही पार्टी अकेले पड़े रोहित पवार
रोहित पवार के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज
डी.के. शिवकुमार से गोपनीय मुलाकात कर चुके हैं रोहित पवार
राहुल गांधी की तरह आक्रामक कार्यशैली ने अटकलों को दी हवा
Rohit Pawar Congress joining Speculation 5 Reasons: महाराष्ट्र के सियासी गलियारों में पिछले कुछ दिनों से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुटों पर लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है। कभी एनसीपी को दोनों गुटाें के एक होने की चर्चा, तो कभी शरद पवार के एनडीए में शामिल होने की अटकलें। इसी बीच शरद पवार गुट के एक बड़े नेता इन दिनों अलग ही कारणों से चर्चा में है। हम बात कर रहे हैं रोहित पवार की।
अजित पवार मौत मामले को लेकर रोहित पवार पिछले कुछ दिनों से भाजपा और महायुति सरकार पर लगातार आक्रामक है। हालांकि उनकी ही पार्टी उनका साथ नहीं दे रही, शरद पवार गुट ने रोहित पवार के बयानों से किनारा कर लिया है। ऐसे में रोहित पवार के कांग्रेस पार्टी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। आइए समझते हैं उन पांच कारणों को जिनकी वजह से रोहित पवार को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
महाराष्ट्र की सियासत में शरद पवार गुट के एनडीए के करीब जाने या एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की चर्चाएं समय-समय पर उठती रही हैं। रोहित पवार ने हर बार इन अटकलों को सिरे से खारिज करते हुए स्पष्ट कहा है कि वे कभी भी बीजेपी की विचारधारा के साथ नहीं जाएंगे। सियासी जानकारों का मानना है कि यदि भविष्य में पार्टी का झुकाव सत्ता पक्ष की ओर होता है, तो रोहित पवार विपक्ष में बने रहने के लिए कांग्रेस का विकल्प चुन सकते हैं।
अजित पवार के विमान हादसे के बाद रोहित पवार द्वारा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और संबंधित VSR एविएशन कंपनी पर लगाए गए गंभीर आरोपों से पार्टी का एक धड़ा असहज बताया जा रहा है। जहां सुप्रिया सुले इस मामले में सधी हुई प्रतिक्रिया दे रही हैं, वहीं रोहित अकेले ही आक्रामक मोर्चा खोले हुए हैं। इसी बीच अजित गुट के नेताओं का कहना है कि अपनी ही पार्टी में अलग-थलग पड़ने के कारण रोहित अब कांग्रेस में अपना राजनीतिक भविष्य तलाश रहे हैं।
रोहित पवार के बयानों ने भी इन चर्चाओं को आधार दिया है। एक मीडिया इंटरव्यू में खुद रोहित पवार ने कहा था कि वे शरद पवार के साथ-साथ लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के काम और विचारों से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने राहुल गांधी की तारीफ करते हुए कहा था कि वे अपने विचारों पर दृढ़ हैं और आक्रामक रूप से विपक्ष की राजनीति कर रहे हैं। जिस तरह SIR के मुद्दे पर राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस प्रेजेंटशन के जरिए हमला बोला था। राेहित पवार ने भी उसी तरह अजित पवार मौत मामले और महाराष्ट्र में सूखे के हालातों पर प्रेजेंटशन दिया।
इन अटकलों को तब नई हवा मिली जब 20 नवंबर को सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के प्रवक्ता उमेश पाटिल ने दावा किया कि रोहित पवार कांग्रेस में शामिल होने की तैयारी में हैं। पाटिल के मुताबिक, इसके लिए कर्नाटक के मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता डी. के. शिवकुमार के साथ रोहित की एक गोपनीय बैठक भी हो चुकी है। इससे पहले बीजेपी एमएलसी परिणय फुके ने भी आरोप लगाया था कि रोहित ने कांग्रेस नेता नाना पटोले को खुश करने के लिए भंडारा-गोंडिया का दौरा किया था।
राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि एनसीपी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और रोहित पवार के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। विरोधी नेताओं का दावा है कि रोहित की सोलो पॉलिटिक्स से पार्टी के कई वरिष्ठ नेता नाराज हैं।
इसके अलावा, बुलढाणा से नागपुर तक होने वाले रोहित पवार के 'न्याय हक्क ट्रैक्टर मार्च' से विदर्भ के स्थानीय पदाधिकारियों ने दूरी बना ली है। इस सभी कारणाें से रोहित पवार के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज हाे गई है।