Devendra Fadnavis Pune Traffic Ring Road Underground Routes: तेजी से बढ़ते पुणे शहर की यातायात समस्या को दूर करने के लिए बाहरी और आंतरिक रिंग रोड के साथ भूमिगत मार्गों का नेटवर्क विकसित किया जा रहा है। अगले तीन से चार वर्षों में पुणे को तेज, सुगम और आधुनिक परिवहन व्यवस्था वाले शहर के रूप में विकसित करने का लक्ष्य है। प्रस्तावित विकास कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे, ऐसा भरोसा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने व्यक्त किया।
बजाज फिनसर्व के प्रस्तावित नए मुख्यालय के भूमिपूजन समारोह में वे बोल रहे थे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार, महापौर मंजुषा नागपुरे, बजाज फिनसर्व के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजीव बजाज, शेफाली बजाज, राजीव जैन, मनपा आयुक्त नवल किशोर राम, जिलाधिकारी जितेंद्र डुडी सहित बजाज समूह के पदाधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
40 हजार कर्मियों के लिए यातायात बनेगा सुगम : मुख्यमंत्री ने कहा कि बजाज फिनसर्व का नया कैंपस करीब 40 हजार कर्मचारियों के लिए विकसित किया जा रहा हैं। संजीव बजाज के साथ चर्चा के दौरान उनकी प्रमुख चिंता यही थी कि इतने बड़े कैंपस में आने-जाने वाले कर्मचारियों और नागरिकों को यातायात जाम का सामना न करना पड़े।
यातायात व्यवस्था निर्बाध होना जरूरी है। यदि कैंपस के बाहर जाम की स्थिति बनी रही तो अत्याधुनिक इमारत का अपेक्षित लाभ नहीं मिल सकेगा।
सीएम फडणवीस ने कहा कि कैंपस के सामने की सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। इसके साथ ही फ्लाईओवर का काम भी किया जाएगा। बजाज समूह की ओर से मांगे गए वैकल्पिक पुल का निर्माण भी किया जाएगा। सरकार ने संबंधित अधिकारियों के सामने यह लक्ष्य रखा है कि बजाज फिनसर्व का कैंपस तैयार होने से पहले इन सभी आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का काम पूरा हो जाए। इसकी जिम्मेदारी महापौर और संबंधित अधिकारियों को दी गई है।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने कहा कि बजाज समूह की सौ वर्ष की विरासत और आधुनिक तकनीक की दूरदृष्टि का संगम नए कैंपस में देखने को मिलेगा। यह कैंपस पुणे की ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था को और मजबूती देगा। बजाज फिनसर्व ने सरकार के साथ छह हजार करोड़ का समझौता किया है। इससे राज्य में निवेश और वित्तीय सेवा क्षेत्र को गति मिलेगी। कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डेटा और डिजिटल तकनीक में बजाज समूह का प्रयास सराहनीय है।
बजाज फिनसर्व के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजीव बजाज ने कहा कि पुणे में 7.2 मिलियन वर्गफुट में नया कैंपस विकसित किया जाएगा। यह परिसर सस्टेनेबिलिटी, पर्यावरण अनुकूल डिजाइन और कर्मचारी कल्याण पर आधारित होगा। कैंपस में एआई और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसी तकनीकों के साथ ऊर्जा व पानी की बचत पर जोर रहेगा- संजीव बजाज, बजाज फिनसर्व के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई और पुणे देश की फिनटेक इकोसिस्टम के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं, चालू वर्ष की पहली तिमाही में मुंबई ने बेंगलुरु को पीछे छोड़ दिया है। देश में फिनटेक क्षेत्र में होने वाले कुल निवेश में मुंबई की हिस्सेदारी 61 प्रतिशत रही है। फिनटेक स्टार्टअप के क्षेत्र में भी 59 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और करीब 900 मिलियन डॉलर का निवेश हुआ है। उन्होंने कहा कि फिनटेक इकोसिस्टम को नासिक, छत्रपति संभाजीनगर और नागपुर तक ले जाने की जरूरत है। जल्द ही नागपुर में भी बजाज फिनसर्व की सेवाएं शुरू होंगी, ऐसी उम्मीद है।