शरद पवार पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती हैं।
लगातार खांसी के बाद सीने में दर्द की शिकायत पर सोमवार को अस्पताल लाया गया।
डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत स्थिर है और दर्द में कमी आई है।
बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना जताई गई है।
सुप्रिया सुले ने भी उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर सामान्य और स्थिर बताए।
Sharad Pawar Health Update Ruby Hall Clinic Pune: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के अध्यक्ष शरद पवार की हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। लगातार खांसी के बाद सीने में दर्द की शिकायत पर उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने बुधवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने की संभावना जताई है।
पुणे, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की सेहत को लेकर राहत भरी खबर सामने आई है। पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती पवार की हालत स्थिर है और उनके सीने का दर्द भी कम हुआ है। उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों के मुताबिक, स्वास्थ्य में सुधार जारी रहा तो बुधवार को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी जा सकती है।
रूबी हॉल क्लिनिक के चीफ कार्डियोलॉजिस्ट, चेयरमैन और मैनेजिंग ट्रस्टी डॉ. परवेज के. ग्रांट ने मंगलवार को आधिकारिक बयान जारी कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों की टीम लगातार पवार की जांच और निगरानी कर रही है। उनकी हालत स्थिर है और वे ठीक हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
शरद पवार को लगातार खांसी आने के बाद छाती में दर्द यानी प्लुरिटिक चेस्ट पेन की शिकायत हुई थी। इसके बाद सोमवार को उन्हें पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया। अस्पताल में उनकी सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ नियमित मेडिकल टेस्ट किए जा रहे हैं।
डॉ. ग्रांट के अनुसार, पवार की स्थिति में सुधार की उम्मीद है। डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर नजर रखे हुए है और पर्याप्त आराम के बाद उन्हें छुट्टी देने पर फैसला लिया जा सकता है।
शरद पवार की बेटी और लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के माध्यम से उनके स्वास्थ्य की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि खांसी की समस्या के बाद उनके पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके सभी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य पैरामीटर सामान्य और स्थिर हैं तथा मेडिकल टेस्ट जारी हैं।
सुले ने शुभचिंतकों और समर्थकों की चिंता और शुभकामनाओं के लिए आभार भी जताया। पार्टी प्रतिनिधियों और चिकित्सा अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से शांत रहने तथा किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
अस्पताल में भर्ती होने से पहले 1 नवंबर को शरद पवार ने सोलापुर जिले के सूखा प्रभावित इलाकों का दौरा किया था। उन्होंने खेतों में फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया और किसानों से सीधे बातचीत की थी। माढ़ा तालुका के तुलशी गांव के लिए 50 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की थी।
पवार ने बताया था कि सोलापुर के करीब 139 प्रभावित गांवों में 135 से अधिक पानी के टैंकर भेजे जा रहे हैं। इनमें अकेले माढ़ा तालुका को 110 टैंकरों की जरूरत है।
शरद पवार ने घोषणा की थी कि उनका परिवार इस साल पारंपरिक तरीके से दिवाली नहीं मनाएगा। उन्होंने कहा था कि सूखे से निपटने और प्रभावित किसानों की मदद पर ध्यान केंद्रित करना जरूरी है। साथ ही उन्होंने राजनीतिक दलों से मतभेद भुलाकर राहत कार्यों में सहयोग करने की अपील की थी।