सुप्रिया सुले, शरद पवार और रोहित पवार (सोर्स: IANS)
पुणे

पवार परिवार में डिलिमिटेशन पर रार! रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को लिखी चिट्ठी, कहा- विधेयक के खिलाफ वोट करें

Rohit Pawar Letter To Supriya Sule: डिलिमिटेशन बिल को लेकर रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को चिट्ठी लिखकर विरोध में मतदान करने की अपील की। शरद पवार गुट के सभी सांसदों को भी पोस्ट में किया मेंशन।

गोरक्ष पोफली

Highlights

  • रोहित पवार ने सुप्रिया सुले को भावुक चिट्ठी लिखी।

  • डिलिमिटेशन बिल के खिलाफ मतदान करने की अपील की।

  • शरद पवार की विचारधारा और राजनीतिक विरासत का हवाला दिया।

  • पार्टी के सभी सांसदों को भी सोशल मीडिया पोस्ट में मेंशन किया।

  • कहा- सत्ता के दबाव में आकर संविधान के खिलाफ न जाएं।

Rohit Pawar Letter Delimitation Bill Controversy: महाराष्ट्र की राजनीति में पवार परिवार के भीतर डिलिमिटेशन बिल को लेकर मतभेद खुलकर सामने आते दिख रहे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने पार्टी की कार्याध्यक्ष सुप्रिया सुले को एक भावुक चिट्ठी लिखकर संसद में प्रस्तावित डिलिमिटेशन विधेयक के खिलाफ मतदान करने की अपील की है। उन्होंने लिखा कि शरद पवार की तबीयत ठीक नहीं है और ऐसे समय में उनके जीवनभर के पुरोगामी विचारों और राजनीतिक विरासत पर कोई दाग नहीं लगना चाहिए।

रोहित ने पार्टी के नेताओं और सांसदों से सत्ता के दबाव में न झुकने की अपील करते हुए कहा कि जिन्हें सत्ता के साथ जाना है, वे जा सकते हैं। खास बात यह है कि रोहित पवार ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में शरद पवार गुट के सभी सांसदों को भी मेंशन किया है। ऐसे समय में जब पार्टी के रुख को लेकर असमंजस बना हुआ है, इस चिट्ठी ने NCP-SP के भीतर की राजनीतिक खींचतान को फिर चर्चा में ला दिया है।

सत्ता के दबाव में संविधान से द्रोह न करें

रोहित पवार ने चिट्ठी में डिलिमिटेशन विधेयक को लेकर कई सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करने से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है। उन्होंने सवाल किया कि जब नई जनगणना की प्रक्रिया चल रही है, तो परिसीमन को लेकर इतनी जल्दबाजी क्यों की जा रही है?

उन्होंने भाजपा पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए अपने राजनीतिक हितों के अनुकूल निर्वाचन क्षेत्र बनाने की कोशिश हो सकती है। रोहित ने असम में परिसीमन की प्रक्रिया का उदाहरण देते हुए पारदर्शिता पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन को एक साथ जोड़ने की जरूरत पर भी सवाल किया जाना चाहिए, क्योंकि महिला आरक्षण विधेयक 2023 में ही संसद से पारित हो चुका है।

जिन्हें सत्ता के साथ जाना है, उन्हें जाने दीजिए

चिट्ठी में रोहित पवार ने पार्टी के भीतर सत्ता के साथ जाने की संभावनाओं पर भी नाराजगी जताई है। उन्होंने लिखा कि अगर कुछ सांसद और विधायक सत्ता के साथ जाना चाहते हैं, तो उन्हें जाने दिया जाए। लेकिन पार्टी को अपने विचारों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं से समझौता नहीं करना चाहिए।

उन्होंने सुप्रिया सुले से अपील की कि वे दबाव को दरकिनार कर विधेयक के खिलाफ स्पष्ट भूमिका लें। रोहित ने कहा कि किसी भी फैसले में केवल सांसदों और विधायकों की राय नहीं, बल्कि पार्टी के लिए काम करने वाले लाखों कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की भावनाओं को भी महत्व दिया जाना चाहिए।

NCP-SP के रुख पर पहले से बना हुआ है सस्पेंस

दरअसल, डिलिमिटेशन बिल पर NCP-SP का रुख पिछले कुछ दिनों से चर्चा में है। सुप्रिया सुले ने पहले कहा था कि पार्टी विधेयक के मसौदे का अध्ययन करने के बाद अपना फैसला करेगी। वहीं, पार्टी के कुछ नेताओं ने दावा किया था कि समान रूप से 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने जैसी शर्तों के आधार पर विधेयक का समर्थन किया जा सकता है। दूसरी ओर, पार्टी के कई सांसदों ने स्पष्ट किया है कि अभी तक उन्हें पार्टी का अंतिम रुख नहीं बताया गया है।

पार्टी के सभी आठ लोकसभा सांसदों को 30 नवंबर से शुरू होने वाले विशेष संसद सत्र में उपस्थित रहने के लिए व्हिप भी जारी किया गया है। सांसदों ने 30 नवंबर को सुप्रिया सुले के साथ बैठक कर विधेयक पर चर्चा करने की बात कही है।

ऐसे में रोहित पवार की चिट्ठी ने पार्टी के भीतर चल रही बहस को और सार्वजनिक कर दिया है। अब सबकी नजर सुप्रिया सुले और शरद पवार गुट के सांसदों के रुख पर रहेगी। क्या पार्टी रोहित पवार की अपील के मुताबिक विधेयक का विरोध करेगी या अपनी शर्तों के आधार पर समर्थन का रास्ता चुनेगी, इसका जवाब संसद के विशेष सत्र में सामने आ सकता है।

Delimitation Bill Live: स्टालिन से मिले राहुल गांधी, सोनिया और खरगे, परिसीमन पर पवार परिवार में मतभेद

डिलिमिटेशन बिल से दक्षिण भारत का नुकसान होगा? नॉर्थ इंडिया का बढ़ेगा दबदबा! जानें पूरा गणित

आतंक पीड़ित परिवारों के 59 लोगों को सरकारी नौकरी, LG मनोज सिन्हा बोले- पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे आतंकियों को

पंजाब में आतंकी साजिश नाकाम, ISI समर्थित KCF मॉड्यूल के 2 सदस्य गिरफ्तार; 4 हैंड ग्रेनेड बरामद

Kal Ka Mausam: 30 नवंबर को कहां होगी बारिश और कहां छाएगा कोहरा? IMD ने जारी किया मौसम का अलर्ट