

लोकसभा सीटें 543 से बढ़ाकर 816 करने का प्रस्ताव।
उत्तर और दक्षिण भारत के राज्यों की सीटों में प्रस्तावित बदलाव।
दक्षिण भारतीय राज्यों को राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित होने की चिंता।
राज ठाकरे ने परिसीमन को लेकर उठाए सवाल।
सरकार का तर्क है कि प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटें 50% बढ़ाने की योजना है।
South India Loss Delimitation Bill: भारत में उत्तर भारत और दक्षिण भारत के बीच विवाद, वर्चस्व और अधिकारों की बहस हमेशा से गर्म रही है। कभी भाषा को लेकर टकराव हुआ, कभी क्षेत्रीय पहचान और संस्कृति को लेकर, तो कभी आर्थिक योगदान और केंद्र से मिलने वाले फंड को लेकर सवाल उठे। अब इस बहस में एक नया मुद्दा जुड़ गया है- परिसीमन विधेयक।
सवाल है कि क्या इस विधेयक से उत्तर भारत की राजनीतिक ताकत बढ़ेगी और दक्षिण भारत के राज्यों का प्रतिनिधित्व कमजोर होगा? क्या महाराष्ट्र से लेकर तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश तक के राज्यों को भविष्य में इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है? MNS प्रमुख राज ठाकरे ने इसी आशंका को लेकर उत्तर और दक्षिण भारत के बीच भविष्य में टकराव की चेतावनी दी है।
ठाणे में राज ठाकरे ने परिसीमन विधेयक पर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत की आबादी लगातार बढ़ रही है, जबकि दक्षिण भारत के राज्यों ने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है। ऐसे में भविष्य में लोकसभा सीटों का बंटवारा जनसंख्या के आधार पर हुआ तो दक्षिणी राज्यों का राजनीतिक प्रतिनिधित्व प्रभावित हो सकता है।
राज ठाकरे ने कहा कि महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और गोवा जैसे राज्यों के साथ अन्याय होने की आशंका है। उन्होंने महाराष्ट्र को भी दक्षिण भारत की व्यापक दक्कन पहचान से जोड़ते हुए कहा कि मुगल और ब्रिटिश काल में इस क्षेत्र को डेक्कन कहा जाता था।
उन्होंने आरोप लगाया कि परिसीमन के जरिए राज्यों को केंद्र सरकार पर निर्भर रखने और देश में सत्ता का केंद्रीकरण करने की कोशिश हो सकती है।
परिसीमन का मतलब लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं दोबारा तय करना और जनसंख्या के आधार पर प्रतिनिधित्व का पुनर्निर्धारण करना है। भारत में राज्यों के बीच लोकसभा सीटों का आखिरी बड़ा पुनर्वितरण 1971 की जनगणना के आधार पर हुआ था। 1976 में सीटों के पुनर्निर्धारण पर रोक लगाई गई थी, जिसे बाद में 2026 के बाद होने वाली पहली जनगणना तक बढ़ा दिया गया।
इस व्यवस्था का मकसद उन राज्यों को नुकसान से बचाना था, जिन्होंने परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया। अब परिसीमन की नई प्रक्रिया शुरू करने की चर्चा के साथ यही पुराना विवाद फिर सामने आ गया है।
केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 816 करने की योजना है। इसमें सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की मौजूदा सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि का प्रावधान है।
कुछ प्रमुख राज्यों में प्रस्तावित सीटों का गणित
इस गणित से स्पष्ट है कि उत्तर भारत के साथ दक्षिण और पश्चिम भारत के राज्यों की सीटें भी बढ़ेंगी। प्रस्ताव में राज्यों के बीच मौजूदा सीट हिस्सेदारी का अनुपात 2051 के बाद पहली जनगणना के आंकड़े प्रकाशित होने तक सुरक्षित रखने की बात कही गई है।
दक्षिण भारत की चिंता का बड़ा कारण जनसंख्या वृद्धि और प्रजनन दर में अंतर है। NFHS-5 (2019-21) के अनुसार बिहार की कुल प्रजनन दर 3.0 और उत्तर प्रदेश की 2.4 थी। वहीं महाराष्ट्र में यह 1.7, तमिलनाडु में 1.8 और केरल में 1.8 थी।
दक्षिणी राज्यों का तर्क है कि उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन किया है। यदि भविष्य में लोकसभा सीटों का बंटवारा पूरी तरह आबादी के अनुपात में हुआ, तो अधिक जनसंख्या वाले राज्यों का संसद में राजनीतिक प्रभाव बढ़ सकता है। यही वजह है कि दक्षिण भारत के नेता अपने मौजूदा प्रतिनिधित्व को सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं।
केंद्र सरकार का कहना है कि नए प्रस्ताव में सभी राज्यों की सीटों में समान 50 प्रतिशत वृद्धि होगी। गृह मंत्री अमित शाह ने भी पहले संसद में कहा था कि इस फॉर्मूले से दक्षिण भारत की सीटें घटेंगी नहीं, बल्कि उनकी संख्या बढ़ेगी। उनके अनुसार दक्षिण भारत की मौजूदा 129 सीटें बढ़कर 195 हो सकती हैं।
इसलिए मौजूदा प्रस्ताव के आधार पर यह कहना सही नहीं होगा कि उत्तर भारत को सीटें देने के लिए दक्षिण भारत की सीटें कम की जा रही हैं। असली बहस भविष्य में राज्यों के बीच राजनीतिक प्रतिनिधित्व के संतुलन को लेकर है।
परिसीमन की प्रक्रिया महिला आरक्षण से भी जुड़ी हुई है। 2023 में संसद ने लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का कानून पारित किया था। अब सरकार परिसीमन के जरिए सीटें बढ़ाकर इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने का रास्ता तैयार करना चाहती है।
हालांकि, परिसीमन से जुड़े पहले विधेयक को अप्रैल 2026 में लोकसभा में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिला था। अब सरकार नए प्रावधानों के साथ आगे बढ़ रही है।
फिलहाल, परिसीमन की बहस केवल लोकसभा सीटों की संख्या तक सीमित नहीं है। यह राज्यों की राजनीतिक ताकत, जनसंख्या नियंत्रण, संघीय ढांचे और केंद्र-राज्य संबंधों से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन गया है। राज ठाकरे की चेतावनी ने इस बहस को और तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि सरकार का नया फॉर्मूला उत्तर और दक्षिण के बीच भरोसा कायम कर पाता है या आने वाले वर्षों में यह विवाद और गहराता है।