

रोहित पवार ने नई फिल्म 'रामायण' देखने के बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट की।
राजा दशरथ के वचन और प्रभु श्रीराम के त्याग का किया जिक्र।
आज के दौर में स्वार्थ की बुनियाद पर महाभारत होने की बात कही।
पोस्ट में किसी नेता या राजनीतिक दल का नाम नहीं लिया।
परिसीमन बिल पर शरद पवार गुट के समर्थन के बीच पोस्ट ने बढ़ाई राजनीतिक चर्चा।
Sharad Pawar NCP SP Delimitation Bill Support: महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों परिसीमन बिल को लेकर हलचल तेज है। इसी बीच NCP (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने नई राजनीतिक चर्चा छेड़ दी है। रोहित पवार ने फिल्म रामायण देखने के बाद प्रभु श्रीराम के त्याग और आज के दौर में दिखाई देने वाले स्वार्थ की तुलना की है। उन्होंने लिखा कि वास्तविक जीवन में कई बार रामायण के त्याग के बजाय स्वार्थ की बुनियाद पर खड़ा महाभारत देखने को मिलता है।
खास बात यह है कि उनकी यह पोस्ट ऐसे समय आई है, जब शरद पवार गुट की ओर से परिसीमन बिल को समर्थन देने की बात सामने आई है।
रोहित पवार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि रोजमर्रा की भागदौड़ भरी जिंदगी से थोड़ा समय निकालकर उन्हें नई आई फिल्म 'रामायण' देखने का मौका मिला। फिल्म में राजा दशरथ द्वारा दिए गए वचन और उस वचन को निभाने के लिए प्रभु श्रीराम द्वारा नैतिकता के रास्ते पर चलते हुए किए गए सर्वस्व त्याग ने उन्हें प्रभावित किया।
उन्होंने आगे लिखा कि प्रभु श्रीराम का त्याग हमेशा की तरह उन्हें बहुत प्रभावित कर गया। लेकिन वास्तविक जिंदगी में कई लोगों के व्यवहार में इसके ठीक उलट देखने को मिलता है। यहां त्याग की भावना के बजाय स्वार्थ को प्राथमिकता दी जाती है।
रोहित पवार ने अपनी पोस्ट में लिखा कि अगर इतिहास का उदाहरण देना हो, तो आज कई जगह त्याग की रामायण के बजाय स्वार्थ की बुनियाद पर खड़ा महाभारत घटित होता दिखाई देता है। उन्होंने इस स्थिति पर गहरा दुख और पीड़ा जताई।
उनकी पोस्ट में किसी नेता, पार्टी या राजनीतिक घटनाक्रम का सीधे तौर पर उल्लेख नहीं है। हालांकि, मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के बीच इस पोस्ट को अलग-अलग नजरिए से देखा जा रहा है। खासकर परिसीमन बिल पर शरद पवार गुट के समर्थन की चर्चा के बाद इसके राजनीतिक मायने तलाशे जा रहे हैं।
हाल ही में जितेंद्र आव्हाड ने शरद पवार से ब्रीच कैंडी अस्पताल में मुलाकात के बाद परिसीमन बिल पर पार्टी के समर्थन की जानकारी दी थी। वहीं, रोहित पवार ने भी संसद के विशेष सत्र को लेकर कहा था कि विधेयक का मसौदा सामने आने के बाद पार्टी के सांसद उसका अध्ययन करेंगे और उचित रुख तय करेंगे।
ऐसे में रोहित पवार की ताजा पोस्ट ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दी है। क्या यह केवल फिल्म देखने के बाद मन में आए विचारों की अभिव्यक्ति है या इसके पीछे कोई राजनीतिक संदेश भी छिपा है? फिलहाल उन्होंने इस बारे में कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है।
इतना जरूर है कि महाराष्ट्र की मौजूदा सियासत में 'त्याग की रामायण' और 'स्वार्थ का महाभारत' वाली उनकी टिप्पणी चर्चा का विषय बन गई है।