आतंक पीड़ित परिवारों के 59 लोगों को सरकारी नौकरी, LG मनोज सिन्हा बोले- पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे आतंकियों को

Terrorism in Jammu Kashmir: जम्मू-कश्मीर में आतंक पीड़ित परिवारों के 59 परिजनों को सरकारी नौकरी मिली। LG मनोज सिन्हा ने आतंकियों को पाताल से भी ढूंढ निकालने और सख्त सजा दिलाने की चेतावनी दी।
Jammu Kashmir Terror Victims Families Jobs
आतंक पीड़ित परिवारों के 59 लोगों को LG मनोज सिन्हा ने दिया नियुक्ति पत्रSource- navbharat
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • आतंक पीड़ित परिवारों के 59 परिजनों को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने नियुक्ति पत्र सौंपे।

  • पुनर्वास सहायता योजना और SRO-43 के तहत 66 अन्य परिवारों को भी नौकरी मिली।

  • मनोज सिन्हा बोले- आतंकियों और उनके समर्थकों को पाताल से भी ढूंढ निकालेंगे।

Jammu Kashmir Terror Victims Families Jobs: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिली है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने रविवार को आतंक पीड़ित परिवारों के 59 परिजनों को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके अलावा पुनर्वास सहायता योजना (RAS)-2022 और SRO-43/1994 के तहत 66 अन्य परिवारों को भी नियुक्ति पत्र दिए गए। इस मौके पर सिन्हा ने कहा कि कई परिवारों को दशकों के इंतजार के बाद न्याय मिला है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आतंक पीड़ित परिवारों को सम्मान और उनका अधिकार दिलाने की कोशिश जारी रहेगी।

उपराज्यपाल ने कहा कि पिछले 15 महीनों में जम्मू-कश्मीर के दोनों संभागों में आतंकवाद से प्रभावित सैकड़ों परिवारों के सदस्यों को सरकारी नौकरी दी गई है। यह केवल रोजगार देने का अभियान नहीं, बल्कि उन परिवारों का सम्मान और व्यवस्था पर उनका भरोसा बहाल करने की कोशिश है, जिन्हें लंबे समय तक उपेक्षा का सामना करना पड़ा।

'पाताल में छिपे आतंकियों को भी ढूंढ निकालेंगे'

कार्यक्रम में मनोज सिन्हा ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई। उन्होंने कहा, "आतंकवादी और उनके समर्थक पाताल में भी छिपे होंगे, तो हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे और कानून के तहत सबसे सख्त सजा दिलाएंगे।"

उन्होंने अलगाववादी सोच रखने वाले तत्वों को भी चेतावनी दी। सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और अलगाववाद के लिए कोई जगह नहीं है। जो भी कानून और संविधान को चुनौती देगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि अब जम्मू-कश्मीर में कानून का राज है और कोई भी कानून से ऊपर नहीं है।

Jammu Kashmir Terror Victims Families Jobs
पुणे जिला परिषद की अनोखी पहल: 'ज्ञान सेतु' के तहत 51 ग्रामीण छात्र जम्मू-कश्मीर, असम और अरुणाचल दौरे पर रवाना

दशकों पुराने आतंकवाद के मामलों की फिर होगी जांच

उपराज्यपाल ने कहा कि आतंकवाद से प्रभावित कई परिवारों को सालों तक न्याय नहीं मिला। कुछ मामलों में तो आतंकियों की ओर से की गई हत्याओं के बावजूद एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अब पुराने मामलों की फाइलें दोबारा खोली जा रही हैं, नई एफआईआर दर्ज की जा रही हैं और जांच शुरू की जा रही है।

उन्होंने किश्तवाड़ के कृष्ण लाल और ज्ञान चंद के परिवारों का जिक्र किया, जिनकी जुलाई 1999 में हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा पुंछ के मोहम्मद रफीक के परिवार का भी उल्लेख किया, जिनकी फरवरी 2003 में हत्या हुई थी।

सिन्हा ने कहा कि हर घटना के पीछे एक परिवार और उसका अधूरा सपना होता है। प्रशासन की जिम्मेदारी केवल संकट के समय पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें लंबे समय तक न्याय और सम्मान दिलाना भी जरूरी है।

आतंक के खिलाफ कार्रवाई

मनोज सिन्हा ने नार्को-टेरर नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ड्रग-फ्री जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत सितंबर तक 4,282 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और करीब 2,800 किलोग्राम नशीले पदार्थ जब्त किए गए। उन्होंने कहा कि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को आतंकवाद और नशे के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है।

उपराज्यपाल के मुताबिक, 2020 से जम्मू-कश्मीर में विकास कार्यों में भी तेजी आई है। उन्होंने दावा किया कि 2019 से पहले हर साल औसतन 9 से 10 हजार परियोजनाएं पूरी होती थीं, जबकि अनुच्छेद 370 हटने के बाद हर साल 50 हजार से अधिक परियोजनाएं और बुनियादी ढांचे से जुड़े काम पूरे किए गए।

Jammu Kashmir Terror Victims Families Jobs
11 घंटे में 4 बार कांपी जम्मू-कश्मीर की धरती, क्या यह किसी बड़े खतरे का संकेत है?

LG ने गिनाए जम्मू-कश्मीर के लिए 4 संकल्प

कार्यक्रम में मनोज सिन्हा ने जम्मू-कश्मीर के लिए चार संकल्प भी सामने रखे। इनमें आतंकवाद को बढ़ावा देने वाले पूरे नेटवर्क को खत्म करना, पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना और प्रशासन को जवाबदेह बनाना शामिल है।

तीसरे संकल्प के तहत उन्होंने युवाओं को अवसर देने और उन्हें राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की बात कही। चौथा संकल्प सभी नागरिकों की भागीदारी से स्थायी शांति स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि शांति के लिए सुरक्षा, भरोसा, विकास और न्याय जरूरी हैं।

सिन्हा ने प्रशासन और पुलिस के लिए अपने दो मंत्र भी दोहराए। उन्होंने कहा, "निर्दोष को परेशान मत करो और दोषी को बख्शो मत।" साथ ही उन्होंने कहा कि शांति खरीदी नहीं जाएगी, बल्कि उसे स्थापित किया जाएगा।