Pune Sons Brutally Beat Elderly Parents: क्या कोई बेटा अपने ही बूढ़े और बीमार माता-पिता के खून का इस कदर प्यासा हो सकता है कि सरेराह उन पर लाठियां बरसाने लगे? सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक बेहद चौंकाने वाले और विचलित कर देने वाले वीडियो ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।
इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दो कलयुगी बेटे अपनी कार से आते हैं और सड़क पर शांति से टहल रहे अपने बुजुर्ग माता-पिता को डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर देते हैं। मानवता को शर्मसार कर देने वाली यह खौफनाक वारदात महाराष्ट्र के पुणे जिले से सामने आई है।
यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना पुणे जिले के इंदापुर तहसील के तरंगवाड़ी गांव की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीती 30 अगस्त की शाम करीब 6 बजे की है। तरंगवाड़ी गांव के रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग किसान तुकाराम किसान राउत अपनी बीमार पत्नी अंजना राउत के साथ रोजाना की तरह शाम को वॉक के लिए निकले थे।
दोनों बुजुर्ग सड़क पर धीरे-धीरे चल ही रहे थे कि अचानक उनके पीछे एक कार आकर रुकी। इस कार में कोई और नहीं, बल्कि उनके दोनों बेटे संजय राउत और राजेंद्र राउत सवार थे, जो इंदापुर तहसील के मालवाड़ी नंबर 2 में अपने परिवारों के साथ अलग रहते हैं।
कार से उतरते ही बेटों ने अपने बूढ़े माता-पिता को घेर लिया। उनके बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। दरअसल, यह पूरी लड़ाई जमीन के एक टुकड़े को लेकर थी। बेटों ने गुस्से में चिल्लाते हुए माता-पिता से सवाल किया, तुमने वह जमीन क्यों बेची?
बता दें कि वह जमीन मां अंजना के नाम पर रजिस्टर्ड थी, जिसे माता-पिता ने बेच दिया था। इसी बात से दोनों बेटे आगबबूला थे।
बेटों ने गाली-गलौज करते हुए सीधे अपने बुजुर्ग माता-पिता पर लाठी से हमला कर दिया। वे बुजुर्गों को बेरहमी से तब तक पीटते रहे जब तक कि वे अधमरे नहीं हो गए। बेटों ने धमकी दी कि अगर जमीन का सौदा रद्द नहीं किया गया, तो वे उन्हें जान से मार डालेंगे। एक बेटे ने चिल्लाते हुए कहा, जो जमीन तुमने बेची है उसे वापस अपने कब्जे में लो, वरना हम दिखा देंगे कि हम क्या कर सकते हैं।
इस कायरतापूर्ण और बर्बर हमले में 65 वर्षीय बुजुर्ग तुकाराम के चेहरे, पीठ, जांघों और बाएं कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं उनकी बीमार पत्नी अंजना की दाहिनी कलाई और कमर पर गंभीर वार किए गए। सरेराह मचे इस बवाल को देखकर आसपास के लोग वहां जमा होने लगे। स्थानीय लोगों को आता देख और पुलिस को सूचना दिए जाने के बाद आरोपी बेटे वहां से भाग निकले।