

Thane ZP Animal Husbandry Subsidy Scheme: ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के पशुपालकों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा पशुपालन और दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए ठाणे जिला परिषद के पशुसंवर्धन विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न अनुदानित योजनाएं शुरू की हैं।
पात्र पशुपालक इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए 30 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रणजित यादव ने पात्र लाभार्थियों से निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने की अपील की है। वैसे यह योजना राज्य की अन्य जिला परिषद में भी लागू की गई है।
जिला उपआयुक्त पशुसंवर्धन एवं दुग्ध व्यवसाय डॉ. ज्योति परदेशी ने बताया कि पशुपालकों की जरूरत के अनुसार पशुधन, बकरी समूह और दुग्ध व्यवसाय के लिए आवश्यक आधुनिक मशीनरी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन योजनाओं को लागू किया जा रहा है।
दुग्ध व्यवसाय को अधिक सुविधाजनक, स्वच्छ और लाभदायक बनाने के लिए तबेलाधारकों को विभिन्न मशीनरी और उपकरणों पर 60 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इसके तहत कड़बाकुट्टी मशीन, मिल्किंग मशीन, फ्लाई रिपेलेंट मशीन और 3-काउ मैट जैसी सुविधाओं का लाभ पात्र लाभार्थी उठा सकेंगे। आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल से श्रम कम करने और दुग्ध व्यवसाय की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
पशुपालकों की आय बढ़ाने और दुग्ध व्यवसाय को नियमित आय का स्रोत बनाने के लिए एक संकरित गाय या एक भैंस के वितरण की योजना भी 50 प्रतिशत अनुदान पर लागू की गई है। इससे ग्रामीण परिवारों को दूध उत्पादन के माध्यम से स्थायी आय प्राप्त करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
ठाणे जिले के ग्रामीण एवं आदिवासी परिवारों के लिए 50 प्रतिशत अनुदान पर बकरी समूह वितरण योजना भी शुरू की गई है। इसके तहत पात्र लाभार्थियों को 5 बकरियां और 1 बकरा, यानी कुल छह पशुओं का समूह दिया जाएगा। यह योजना विशेष रूप से छोटे किसानों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अतिरिक्त आय का साधन उपलब्ध कराने में सहायक होगी।
पात्र लाभार्थी ठाणे जिला परिषद की वेबसाइट (zpthaneschemes.com) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए पहले नया पंजीकरण करना होगा, फिर संबंधित योजना का चयन कर आवश्यक जानकारी भरनी होगी। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन जमा कर उसकी रसीद सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। अधिक जानकारी के लिए संबंधित तालुका पंचायत समिति के पशुसंवर्धन विभाग से संपर्क किया जा सकता है।