दिवाली के बाद पुणे का AQI 321 तक पहुंचा, पांच साल का रिकॉर्ड टूटा।
कई उपनगरीय इलाकों में AQI 400 से 500 के पार दर्ज किया गया।
प्रदूषण से बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा मरीजों की सांस संबंधी परेशानी बढ़ी।
Pune Air Quality Index Diwali 2026: इस वर्ष दिवाली के दौरान हुई आतिशबाजी, वाहनों से निकलने वाले धुएं और मौसम में बदलाव का असर पुणे की हवा पर दिखाई दिया। शहर में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, 6 से 11 नवंबर के बीच पुणे का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) पिछले पांच वर्षों की इसी अवधि के मुकाबले सबसे ऊंचे स्तर पर दर्ज किया गया। 9 नवंबर को शहर का औसत AQI बढ़कर 292 से 321 तक पहुंच गया, जबकि कुछ उपनगरीय इलाकों में यह 400 से 500 के पार दर्ज किया गया।
आंकड़ों के अनुसार, 6 से 8 नवंबर के बीच पुणे का AQI 155 से 168 के आसपास रहा। यह 'मध्यम' श्रेणी में आता है। लेकिन लक्ष्मी पूजन और उसके बाद 9 नवंबर को आतिशबाजी के कारण प्रदूषण में तेज उछाल दर्ज किया गया। इस दौरान शहर का औसत AQI 292 से 321 तक पहुंच गया।
10 और 11 नवंबर को भी हवा की गुणवत्ता में खास सुधार नहीं हुआ। हवा में धुआं और सूक्ष्म कण (PM2.5) बने रहने के कारण AQI 229 से 281 के बीच रहा। इस स्तर को 'खराब' श्रेणी में रखा जाता है।
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 2024 और 2025 की दिवाली के दौरान पुणे शहर का AQI लगभग 132 से 170 के बीच रहा था। इसके मुकाबले इस साल प्रदूषण का स्तर काफी अधिक दर्ज किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, महज 24 घंटों में AQI में करीब 129 अंकों की बढ़ोतरी हुई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, ठंडी हवा और हवा की धीमी गति के कारण आतिशबाजी से निकला धुआं निचले वायुमंडल में जमा रहा। इससे प्रदूषक कणों को फैलने का पर्याप्त मौका नहीं मिला। इसका असर खासकर बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों पर पड़ सकता है। प्रदूषण बढ़ने से सांस संबंधी परेशानी का खतरा भी बढ़ जाता है। शहर में लगातार खराब होती हवा को लेकर प्रशासन और पर्यावरणविदों ने चिंता जताई है।