PMPML Recruitment Scam News: पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड (पीएमपीएमएल) में भर्ती प्रक्रिया के दौरान हुए कथित भ्रष्टाचार और दोषी ठेकेदार कंपनियों को प्रशासन द्वारा संरक्षण दिए जाने के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है।
कांग्रेस ने इस पूरे मामले पर गंभीर सवाल उठाते हुए 'मेसर्स वैष्णवी ट्रांसपोर्ट' के खिलाफ तुरंत और कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। कांग्रेस के गटनेता रामचंद्र उर्फ चंदू शेठ कदम ने इस संबंध में महापौर, व्यवस्थापकीय संचालक और मनपा आयुक्त को एक पत्र सौंपा है।
पत्र में आरोप लगाया गया है कि तत्कालीन व्यवस्थापक पंकज देवरे के कार्यकाल में भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली हुई थी। इस विषय पर कांग्रेस पहले भी मुख्य सभा में आंदोलन कर चुकी है, लेकिन प्रशासन ने जांच रिपोर्ट को सदन में रखने का वादा करने के बाद भी अब तक इसे सार्वजनिक नहीं किया है।