पीसीएमसी अनधिकृत निर्माण  सोर्स- सोशल मीडिया
पुणे

पिंपरी-चिंचवड़ में अनधिकृत निर्माण पर कड़ा एक्शन प्लान, बिजली, पानी कनेक्शन कटेगा और संपत्ति पंजीकरण पर रोक

PCMC Illegal Property: पिंपरी-चिंचवड़ में अनधिकृत निर्माणों पर शिकंजा कसने के लिए मनपा ने रजिस्ट्री पर रोक लगाने, बिजली-पानी काटने और अवैध कनेक्शन पर FIR दर्ज करने का एक्शन प्लान तैयार किया है।

रूपम सिंह

Pimpri Municipal Corporation Unauthorized Construction: पिंपरी-चिंचवड़ शहर में तेजी से बढ़ रहे अनधिकृत निर्माणों पर अंकुश लगाने के लिए महानगरपालिका ने कड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। रेड जोन, बफर जोन, ग्रीन जोन, नदी की नीली और लाल बाढ़ रेखा, नालों के किनारे तथा आरक्षित जमीनों पर बिना अनुमति किए गए निर्माणों पर अब मूलभूत सुविधाओं के स्तर पर कार्रवाई की तैयारी है।

मनपा प्रशासन ने अनधिकृत इमारतों में बने फ्लैट और दुकानों की खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए संबंधित सर्वे नंबरों की विस्तृत जानकारी स्टांप एवं पंजीयन विभाग को भेजने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही बिजली, पानी और ड्रेनेज कनेक्शन पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है।

सर्वे नंबर के आधार पर रुकेगा रजिस्ट्रेशन

मनपा अब अनधिकृत निर्माण वाले क्षेत्रों की विस्तृत जानकारी सर्वे नंबर के साथ स्टांप एवं पंजीयन विभाग को उपलब्ध कराएगी। इसके बाद संबंधित सर्वे नंबरों के तहत आने वाली संपत्तियों के रजिस्ट्रेशन पर रोक लगाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

मनपा का मानना है कि रजिस्ट्रेशन नहीं होने की स्थिति में नागरिक ऐसी संपत्तियों की खरीद से बचेंगे। इससे अवैध निर्माण में फ्लैट या दुकान खरीदने वाले लोगों को आर्थिक नुकसान और संभावित धोखाधड़ी से बचाने में मदद मिलेगी।

बिजली कनेक्शन पर भी नजर

अनधिकृत निर्माणों पर कार्रवाई के लिए मनपा बिजली विभाग के साथ भी समन्वय करेगी। संबंधित सर्वे नंबरों की जानकारी विभाग को भेजी जाएगी, ताकि अवैध निर्माणों की पहचान करने और वहां दी जा रही सुविधाओं की निगरानी करने में आसानी हो।

पुणे मनपा का उद्देश्य केवल निर्माण के बाद कार्रवाई करने के बजाय संपत्तियों की खरीद-बिक्री और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के स्तर पर ही अनधिकृत निर्माणों पर दबाव बनाना है।

अवैध नल-ड्रेनेज कनेक्शन पर FIR

अनधिकृत इमारतों में अवैध तरीके से पानी और ड्रेनेज कनेक्शन लेने वालों पर भी अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। मनपा के जलापूर्ति एवं सीवरेज विभाग की ओर से ऐसे मामलों में आपराधिक मामला दर्ज करने की तैयारी है।

अवैध तरीके से नल या ड्रेनेज लाइन जोड़ने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज की जा सकती है। इससे बिना अनुमति बनाए गए निर्माणों को मूलभूत सुविधाओं के जरिए वैधता मिलने की संभावना पर रोक लगाने का प्रयास किया जाएगा।

तीन स्तरों पर कार्रवाई की तैयारी

मनपा अतिरिक्त आयुक्त तृप्ती सांडभोर के अनुसार, सर्वे नंबर के साथ पंजीयन और बिजली विभाग को जानकारी भेजने से अनधिकृत संपत्तियों की पहचान आसान होगी। उनका कहना है कि रजिस्ट्रेशन, बिजली और पानी-ड्रेनेज कनेक्शन के स्तर पर एक साथ कार्रवाई होने से लोग अनधिकृत निर्माण खरीदने से पीछे हट सकते हैं।

मनपा का दावा है कि इन तीन स्तरों पर नियंत्रण से अनधिकृत निर्माण के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। खासतौर पर संवेदनशील और प्रतिबंधित क्षेत्रों में होने वाले नए निर्माणों को रोकने पर प्रशासन का जोर रहेगा।

INDIA Bloc Protest Live: SIR पर विपक्ष का हल्लाबोल जारी, राजघाट के लिए रवाना हुए इंडिया गठबंधन के सांसद

मुंबई पुलिस के स्केच आर्टिस्ट भी थे नाना पाटेकर; संदिग्धों के हूबहू चित्र बनाकर कई इन्वेस्टिगेशन में की मदद

आंदोलन से पहले CJP की बढ़ीं मुश्किलें! संसद मार्च को लेकर पुलिस ने शुरू की जांच, पड़ सकता आदोंलन पर असर?

Indian Air Force Day: आसमान के जाबाजों को सलाम, जानिए 8 अक्टूबर 1932 को स्थापित भारतीय वायु सेना की गौरवगाथा

CEC ज्ञानेश कुमार की नियुक्ति को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती, सर्च कमेटी पर नियमों की अनदेखी का आरोप