पुणे की ओपन वॉटर तैराक गीता महेश मालुसरे सोर्स: सोशल मीडिया
पुणे

पुणे की गीता मालुसरे ने 96 दिनों में पार की 3 खाड़ियां, ट्रिपल क्राउन जीतने वाली पहली भारतीय महिला तैराक बनीं

Pune Swimmer Geeta Malusare: पुणे की ओपन वॉटर तैराक गीता महेश मालुसरे ने महज 96 दिनों में इंग्लिश चैनल, कैटालिना चैनल और 20 ब्रिजेस स्विम पूरी कर भारत के लिए पहला ‘ट्रिपल क्राउन’ खिताब जीता।

आकाश मसने

Geeta Malusare Open Water Swimming Triple Crown: पुणे की ओपन वॉटर तैराक गीता महेश मालुसरे ने महज 96 दिनों में इंग्लिश चैनल, कैटालिना चैनल और न्यूयॉर्क की 20 ब्रिजेस स्विम पूरी कर ‘ओपन वॉटर स्विमिंग ट्रिपल क्राउन’ हासिल किया है। यह उपलब्धि हासिल करने वाली वह भारत की पहली महिला तैराक बन गई हैं। कम समय में ट्रिपल क्राउन पूरा करने वाली वह दुनिया की छठी और एशिया की दूसरी महिला भी हैं।

गीता मालुसरे ने लक्ष्य क्वीन ऑफ ओशन बनने का

गीता मालुसरे ने दुनिया की सात प्रमुख खाड़ियों को पार कर ‘क्वीन ऑफ ओशन’ का खिताब हासिल करने का लक्ष्य रखा है। इसी अभियान के तहत उन्होंने सबसे पहले इंग्लिश चैनल पार किया। इसके बाद अमेरिका के कैटालिना चैनल को बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में 15 घंटे 42 मिनट में पूरा किया। कैटालिना चैनल पार करने वाली वह भारत की पांचवीं महिला बनी थीं।

इसके बाद न्यूयॉर्क में मैनहट्टन द्वीप के आसपास आयोजित 20 ब्रिजेस स्विम को उन्होंने हाल ही में पूरा किया। करीब 46 किलोमीटर का यह अंतर उन्होंने 9 घंटे 32 मिनट में तय किया। इसके साथ ही इंग्लिश चैनल, कैटालिना चैनल और 20 ब्रिजेस स्विम पूरी कर उन्होंने प्रतिष्ठित ओपन वॉटर स्विमिंग ट्रिपल क्राउन अपने नाम किया।

जेलीफिश के डंक से लेकर चोट तक

पुणे जिले की तैराक गीता मालुसरे के इस सफर की शुरुआत इंग्लिश चैनल से हुई। जेलीफिश के डंक से उन्हें बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने दोबारा हिम्मत जुटाकर चुनौती स्वीकार की। कैटालिना चैनल के दौरान दोनों हाथों में चोट लगना भी उनके लिए बड़ी परीक्षा थी। हालांकि, वर्षों की मेहनत, दर्द और त्याग के बाद इस मुकाम तक पहुंचने के कारण पीछे हटने का सवाल ही नहीं था, उन्होंने कहा।

गीता ने कहा कि हर स्विम ने उन्हें एक नया सबक दिया और मानसिक रूप से और मजबूत बनाया। उन्होंने इस पूरे सफर को अविस्मरणीय बताते हुए कहा, “यह स्विम मेरे दिल में हमेशा विशेष स्थान रखेगी।”

गीता मालुसरे ने परिवार और टीम का जताया आभार

इस उपलब्धि का श्रेय गीता मालुसरे ने अपने परिवार, कोच और सहयोगियों को दिया। उन्होंने अपने पिता, मां, दादी और पूरे परिवार के सहयोग व त्याग के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रशिक्षण और तैयारी के दौरान सहयोग के लिए कोच प्रतीक जावडेकर तथा लगातार समर्थन के लिए शेखर खासनीस का आभार माना।

20 ब्रिजेस स्विम के लिए प्रायोजन देने पर Venkys और क्रांति रिअल्टर्स को भी उन्होंने धन्यवाद दिया। अमेरिका में प्रत्यक्ष सहयोग करने वाले प्रीती सावंत जाधव, सुदीप जाधव, राजवीर जाधव, कौस्तुभ हळबे और वैष्णवी कुडले के योगदान का भी उन्होंने उल्लेख किया।

गीता मालुसरे का फेसबुक पोस्ट

गीता मालुसरे ने अपनी फेसबुक पोस्ट में कहा कि यह सफलता सिर्फ मेरी नहीं है। मुझ पर विश्वास करने वाले कई लोगों के प्यार, त्याग, प्रोत्साहन और समर्थन से यह सफर संभव हुआ। उन्होंने अपनी उपलब्धि को इन शब्दों में व्यक्त किया “तीन स्विम्स, तीन सबक, एक अविस्मरणीय सफर। 96 दिन, एक सपना और एक Open Water Swimming Triple Crown।”

‘क्वीन ऑफ ओशन’ बनने के लक्ष्य की दिशा में ट्रिपल क्राउन गीता के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनकी इस उपलब्धि को भारतीय ओपन वॉटर तैराकी के क्षेत्र में ऐतिहासिक कामयाबी माना जा रहा है।

- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट

INDIA Alliance Protest Live: गठबंधन के सांसदों का लंच खत्म, आगे जंतर-मंतर पर धरने की तैयारी

दिल्ली के सीमापुरी इलाके में एक चार मंजिला इमारत गिरी, कई लोग मलबे में दबे

प्रदर्शन के दौरान पुलिस पहनेगी बॉडी कैमरा? दिल्ली HC के फैसले का मतलब समझें

PM Modi 25 Years of Seva Live: जनसेवा के 25 साल पूरे, सेवा संकल्प की ली शपथ, अमित शाह ने गिनाई उपलब्धियां

देवभूमि से बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद: PM मोदी के 25 साल के बेमिसाल सफर पर CM धामी ने की दीर्घायु होने की कामना