बजाज पुणे ग्रैंड टूर को मिला UCI 2.1 का दर्जा, पुणे को मिली 2032 वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी

Bajaj Pune Grand Tour 2027: बजाज पुणे ग्रैंड टूर को UCI 2.1 श्रेणी का दर्जा मिला है। 26 से 31 जनवरी 2027 तक चलने वाली यह रेस भारत को 2032 UCI रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए तैयार करेगी।
Bajaj Pune Grand Tour 2027
बजाज पुणे ग्रैंड टूरसोर्स: एक्स/@PuneGrandTour
Published on: 
Updated on: 

Pune Host 2032 UCI Road World Championships: बजाज पुणे ग्रैंड टूर को यूनियन साइक्लिस्ट इंटरनेशनेल (UCI) 2.2 से बढ़ाकर यूसीआई 2.1 श्रेणी में शामिल किया गया है। वर्ष 2027 की प्रतियोगिता 26 से 31 जनवरी के बीच पुणे और पुणे जिले के विभिन्न हिस्सों में छह चरणों में आयोजित की जाएगी। श्रेणीवृद्धि के बाद प्रतियोगिता में अधिक मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीमों और साइकिलिस्टों के भाग लेने की संभावना है। इससे भारतीय साइकिलिस्टों को अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अवसर मिलेगा।

2032 UCI रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप का रास्ता साफ

मॉन्ट्रियल, कनाडा में हुई यूसीआई कांग्रेस में पुणे को 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी देने का निर्णय लिया गया है। यूसीआई के अनुसार, रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप पहली बार भारत में आयोजित होगी और इसके लिए पुणे का चयन किया गया है। ऐसे में पुणे ग्रैंड टूर की श्रेणीवृद्धि को विशेष महत्व मिल गया है।

जनवरी 2026 में हुई ग्रैंड टूर की पहली स्पर्धा में 35 देशों की 29 टीमों के 171 साइकिलिस्टों ने हिस्सा लिया था। प्रतियोगिता के मार्ग पर करीब 25 लाख नागरिकों ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। इस आयोजन से पुणे ने भारतीय साइकिलिंग के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में अपनी पहचान बनाई।

पुणे की स्पर्धा में इंटरनेशनल साइकिलिस्ट बढ़ेंगे

यूसीआई 2.2 से 2.1 श्रेणी में आने के बाद प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय रोड रेसिंग के कैलेंडर में उच्च स्तर प्राप्त हुआ है। इससे खिलाड़ियों और टीमों को अधिक यूसीआई रैंकिंग अंक हासिल करने का अवसर मिलेगा। साथ ही मजबूत अंतरराष्ट्रीय टीमों और साइकिलिस्टों के आकर्षित होने से प्रतियोगिता में मुकाबला और अधिक चुनौतीपूर्ण होने की संभावना है।

छह चरणों में होगी बजाज पुणे ग्रैंड टूर प्रतियोगिता

2027 में बजाज पुणे ग्रैंड टूर स्पर्धा गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी से शुरू होगी और 31 जनवरी को समाप्त होगी। छह चरणों का मार्ग पुणे जिले के विभिन्न भौगोलिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों से होकर गुजरेगा।

  • पहला चरण : मुलशी से हिंजवड़ी

  • दूसरा चरण : बारामती से सासवड

  • तीसरा चरण : जुन्नर से राजगुरुनगर

  • चौथा चरण : आलंदी से लोणावला-खंडाला

  • पांचवां चरण : लोणावला-खंडाला से हिंजवड़ी

  • छठा चरण : पिंपरी-चिंचवड़ से बालगंधर्व रंगमंदिर

प्रतियोगिता के मार्ग में शहरी सड़कें, ग्रामीण क्षेत्र, ऐतिहासिक स्थल, पहाड़ी क्षेत्र और पश्चिमी घाट के चुनौतीपूर्ण हिस्से शामिल हैं। इससे साइकिलिस्टों की गति, सहनशक्ति और तकनीकी कौशल की परीक्षा होगी।

Bajaj Pune Grand Tour 2027
त्योहारी सीजन में चीनी की महंगाई पर सरकार का प्रहार, जारी हुए सख्त स्टॉक नियम; जानें ग्राहकों पर क्या होगा असर

2032 विश्व चैंपियनशिप की तैयारी में मदद

यूसीआई अध्यक्ष डेविड लापार्टिएंट ने बजाज पुणे ग्रैंड टूर को भारत में रोड साइकिलिंग के विकास के लिए महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने कहा कि यूसीआई 2.1 श्रेणी में पदोन्नति प्रतियोगिता की प्रगति को दर्शाती है। इससे पुणे में मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा लाने का अवसर मिलेगा और खिलाड़ियों, टीमों, अधिकारियों तथा आयोजकों को उच्च स्तर के आयोजन का अनुभव प्राप्त होगा।

यूसीआई 2.1 श्रेणी पर क्या बोले पुणे कलेक्टर?

पुणे के कलेक्टर जितेंद्र डुडी ने कहा कि यूसीआई 2.1 श्रेणी मिलना पुणे के साथ ही भारतीय साइकिलिंग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ग्रैंड टूर के माध्यम से भारतीय खिलाड़ियों को अनुभवी अंतरराष्ट्रीय साइकिलिस्टों के साथ प्रतिस्पर्धा करने के अधिक अवसर मिलेंगे। 2032 में पुणे में होने वाली रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप की तैयारी के लिए भी यह प्रतियोगिता उपयोगी साबित होगी।

Bajaj Pune Grand Tour 2027
कन्या भ्रूण हत्या पर महाराष्ट्र सरकार सख्त, दोषियों पर लगेगा MCOCA, शीतकालीन सत्र में आएगा कानून संशोधन बिल

भारतीय साइकिलिस्टों को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय अनुभव

साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव मनिंदर पाल सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता की श्रेणीवृद्धि भारतीय साइकिलिंग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे भारतीय साइकिलिस्टों को विश्वस्तरीय खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने और अंतरराष्ट्रीय अनुभव हासिल करने के अवसर बढ़ेंगे।

पुणे में 2032 यूसीआई रोड वर्ल्ड चैंपियनशिप से पहले बजाज पुणे ग्रैंड टूर जैसे आयोजनों के माध्यम से खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और आयोजकों को आवश्यक अनुभव मिलेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन की क्षमता विकसित करने और पुणे की साइकिलिंग व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

26 से 31 जनवरी 2027 तक होने वाली दूसरी बजाज पुणे ग्रैंड टूर यूसीआई 2.1 श्रेणी, छह चुनौतीपूर्ण चरणों और बढ़ते अंतरराष्ट्रीय सहभागिता के कारण पुणे के लिए महत्वपूर्ण आयोजन होगा।

- नवभारत लाइव के लिए पुणे से समीर सय्यद की रिपोर्ट

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com