Fadnavis Attacks Chhatron Ki Goonj: पुणे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों के साथ होने वाले संवाद कार्यक्रम को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में भारी घमासान मच गया है। देवेंद्र फडणवीस ने इस कार्यक्रम पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं।
फडणवीस ने दावा किया है कि यह कार्यक्रम कोई सामान्य या स्वतःस्फूर्त छात्र संवाद नहीं है, बल्कि पूरी तरह से एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी द्वारा प्रबंधित किया जा रहा तमाशा है।
देवेंद्र फडणवीस ने इस कथित इवेंट मैनेजमेंट का पर्दाफाश करते हुए आरोप लगाया कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को इस कार्यक्रम में आने के लिए बकायदा पैसे बांटे जा रहे हैं। इन्फ्लुएंसर्स को 30-30 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
फडणवीस के अनुसार, इन इन्फ्लुएंसर्स को यह विशिष्ट निर्देश दिए गए हैं कि आप कार्यक्रम में शामिल हों और राहुल गांधी तथा उनकी पार्टी के बारे में केवल पॉजिटिव बातें ही सोशल मीडिया पर पोस्ट करें, कुछ भी नेगेटिव नहीं डालना है। उन्होंने कहा कि नवनाथ बन द्वारा किए गए खुलासे से यह पूरी बात साफ हो चुकी है और इसके पुख्ता सबूत भी मिले हैं, जिनकी पुलिस द्वारा जांच की जाएगी।
इतना ही नहीं, फडणवीस ने दावा किया कि कार्यक्रम में भीड़ जुटाने के लिए भी पैसों और बसों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ऐसे कई मैसेजेस सामने आए हैं, जिनमें लोगों को लालच दिया गया है कि यहां बसें तैयार खड़ी हैं, आप शाम 4 बजे से रात 10 बजे तक इस इवेंट में आइए और इसके बदले आपको पैसे दिए जाएंगे।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने सवाल उठाया कि अगर यह छात्रों का वास्तविक और स्वतंत्र मंच है, तो फिर इस तरह से पेड भीड़ क्यों बुलानी पड़ रही है?
इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले छात्रों के चयन पर भी बड़ा सवाल खड़ा किया गया है। देवेंद्र फडणवीस ने दावा किया कि इस संवाद में भाग लेने वाली लगभग 90% से 95% छात्राएं केवल उन्हीं कॉलेजों से बुलाई गई हैं, जिनका प्रबंधन कांग्रेस नेताओं के पास है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही इसे ओपन रजिस्ट्रेशन बताया गया हो, लेकिन हकीकत में केवल कांग्रेस समर्थक संस्थानों की छात्राओं को ही इसमें प्रवेश दिया जा रहा है।
अपने बयान के आखिर में देवेंद्र फडणवीस ने राहुल गांधी के इस पूरे पुणे दौरे पर तंज कसते हुए कहा, मुझे ऐसा लगता है कि यह कोई छात्रों की वास्तविक गूंज नहीं है, बल्कि यह केवल राहुल गांधी को नए सिरे से रीलॉन्च करने का एक सोची-समझी इवेंट है। फिलहाल इस विवाद पर पुलिस पूरी गंभीरता से नजर रख रही है और जरूरी कानूनी कार्रवाई कर रही है।