पुणे में राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले हंगामा! हॉस्टल में ABVP और NSUI कार्यकर्ताओं में जमकर चले लात-घूंसे

COEP Pune Hostel Violence: पुणे में राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले COEP हॉस्टल परिसर में ABVP और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प और मारपीट हुई। पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति पर काबू पाया।
rahul gandhi pune visit abvp nsui clash coep hostel violence
NSUI और ABVP के बीच मारपीट(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rahul Gandhi Pune Visit ABVP NSUI Clash: पुणे में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम से पहले शुक्रवार आधी रात को सरकारी अभियांत्रिकी महाविद्यालय (COEP) के हॉस्टल परिसर में जमकर हंगामा और मारपीट हुई। कांग्रेस की छात्र शाखा NSUI और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और लात-घूंसे चले।

इस हिंसक झड़प को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज का सहारा लेना पड़ा और अब इस मामले में 50 से 60 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

आखिर कैसे शुरू हुआ यह विवाद?

यह पूरा विवाद पुणे में आयोजित होने वाले राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ। पिछले कुछ दिनों से NSUI के कार्यकर्ता विभिन्न कॉलेजों में जाकर छात्रों को इस कार्यक्रम में शामिल होने और इसके लिए रजिस्ट्रेशन करने का निमंत्रण दे रहे थे।

शुक्रवार आधी रात को जब NSUI के कार्यकर्ता COEP हॉस्टल परिसर में छात्रों को निमंत्रण और पंजीकरण के लिए आमंत्रित कर रहे थे, तभी दोनों छात्र संगठनों के बीच बहस शुरू हो गई जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

rahul gandhi pune visit abvp nsui clash coep hostel violence
अब स्मार्टवॉच ही पकड़ लेगी आपका स्ट्रेस! नागपुर यूनिवर्सिटी की छात्राओं का अनोखा गणितीय शोध, पेटेंट हुआ पब्लिश

दोनों पक्षों के आरोप इस प्रकार

NSUI का आरोप है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम का समर्थन करने वाली दो छात्राओं को ABVP के कार्यकर्ताओं ने हॉस्टल में बंद कर दिया और उन्हें धमकाया। जब कांग्रेस कार्यकर्ता उन छात्राओं को छुड़ाने के लिए वहां पहुंचे, तो उन पर हमला हुआ और बाद में पुलिस ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया।

दूसरी ओर, ABVP का आरोप है कि NSUI और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता हॉस्टल की छात्राओं पर राहुल गांधी के कार्यक्रम में शामिल होने और जबरन पंजीकरण कराने के लिए दबाव डाल रहे थे।

पुलिस की कार्रवाई और FIR

हॉस्टल परिसर में मारपीट की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को अनियंत्रित होता देख पुलिस ने लाठीचार्ज किया और भीड़ को खदेड़ा। शिवाजीनगर पुलिस ने एबीवीपी के एक छात्र के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई करते हुए NSUI और युवा कांग्रेस के 6 नामजद लोगों सहित लगभग 50 से 60 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अप्रिय घटना को रोकने के लिए वर्तमान में कॉलेज कैंपस और हॉस्टल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

rahul gandhi pune visit abvp nsui clash coep hostel violence
मुंबई में जो राज ठाकरे नहीं कर पाए वो सरनाईक ने कर दिखाया, ट्रेनों में ऑटो-रिक्शा लाद UP-बिहार लौट रहे ड्राइवर

अस्पताल पहुंचे नेता, शुरू हुई सियासी बयानबाजी

इस हंगामे की खबर फैलते ही पुणे की राजनीति गरमा गई है। आधी रात को ही कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार सहित कई अन्य नेता COEP कैंपस पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ कॉलेज परिसर में ही धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

इस झड़प में घायल हुए कुछ कार्यकर्ताओं को इलाज के लिए संचेती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बालासाहेब थोरात ने संचेती अस्पताल जाकर घायल कार्यकर्ताओं का हालचाल जाना।

उन्होंने इस घटना पर कड़ा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि, कार्यक्रम का समर्थन करने वाली छात्राओं को ABVP द्वारा बंधक बनाया जाना और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज होना बेहद निंदनीय है। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। बल प्रयोग करके छात्रों के विचार और लोकतंत्र की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।

तनावपूर्ण माहौल में राहुल गांधी का कार्यक्रम

इस बवाल के बीच, राहुल गांधी का पुणे के छात्रों के साथ छात्रों की गूंज कार्यक्रम के तहत संवाद तय है, जिसमें वे पेपर लीक, बेरोजगारी और देश की शिक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इस हिंसक झड़प के बाद शहर का राजनीतिक तापमान पूरी तरह से बढ़ गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com