Amit Shah Pune Visit Protest: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पुणे दौरे के दौरान पुणे शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर कथित लाठीचार्ज और आंसू गैस के इस्तेमाल का विरोध करते हुए कार्यक्रम स्थल के बाहर तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया और नारेबाजी की।
पुलिस द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुसार कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने छात्रों के समर्थन में आवाज उठाई और केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।
पूर्व क्षेत्र अध्यक्ष प्रशांत जगताप ने आरोप लगाया कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ की गई कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। वहीं, पश्चिम क्षेत्र की अध्यक्षा दीप्ति चौधरी ने कहा कि छात्रों और महिलाओं पर बल प्रयोग की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को इस्तीफा देना चाहिए।
यह भी पढ़ें:- पुणे के भारती अस्पताल में गिरी 20 फीट ऊंची दीवार, मलबे में दबे 50 वाहन, बड़ा हादसा टला
प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई करते हुए प्रशांत जगताप, दीप्ति चौधरी और रामचंद्र उर्फ चंदू कदम समेत कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। बाद में स्थिति सामान्य होने पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी।
प्रदर्शन में लहू अण्णा निवंगुणे, अरविंद शिंदे, अविनाश साल्वे, रफिक शेख, साहिल केदारी, विशाल मलके और गोपाल तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। कांग्रेस ने कहा कि छात्रों से जुड़े मुद्दों और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उसका विरोध आगे भी जारी रहेगा।