मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: जोन-3 में 21 आदतन अपराधी तड़ीपार, संगठित अपराध और वसूली पर कसा शिकंजा

Mumbai Police Action: मुंबई पुलिस के जोन-3 में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए 21 आदतन अपराधियों को तड़ीपार किया गया है। डीसीपी अभयसिंह देशमुख के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
Mumbai Police externed 21 habitual criminals from Zone 3 under DCP Abhaysingh Deshmukh's leadership to curb organized crime and ensure public safety.
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Mumbai Police Externment Drive: मुंबई के पूर्वी उपनगरों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और संगठित अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से मुंबई पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया है। पुलिस उपायुक्त (जोन-3) अभयसिंह देशमुख के मार्गदर्शन में पिछले दो महीनों के दौरान 21 आदतन अपराधियों को मुंबई, ठाणे और नवी मुंबई के अधिकार क्षेत्र से तड़ीपार (निष्कासित) कर दिया गया है। यह कार्रवाई महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई है।

इन क्षेत्रों के अपराधियों पर हुई कार्रवाई

पुलिस के अनुसार, यह अभियान मुख्य रूप से भांडुप, कांजूरमार्ग, विक्रोली, पार्क साइट और मुलुंड पुलिस थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ चलाया गया। कार्रवाई से पहले सभी आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

मारपीट, वसूली और डकैती जैसे मामलों में थे शामिल

तड़ीपार किए गए आरोपी मारपीट, जबरन वसूली, डकैती, आपराधिक धमकी और अन्य अवैध गतिविधियों में कथित रूप से शामिल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि इन अपराधियों के खौफ के कारण स्थानीय निवासी, व्यापारी, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक शिकायत दर्ज कराने से भी डरते थे। इसी वजह से इनके खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई।

गिरोहों के नेटवर्क को तोड़ने पर फोकस

मुंबई पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल अपराधियों को क्षेत्र से बाहर करना नहीं, बल्कि उनके आपराधिक नेटवर्क को भी कमजोर करना है। तड़ीपार आदेश के तहत इन अपराधियों को निर्धारित अवधि तक संबंधित क्षेत्रों में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:-

पुलिस को सख्त निगरानी के निर्देश

पुलिस ने बताया कि तड़ीपार किए गए आरोपियों में संकेत खेर उर्फ गोलू, सोमेश सावंत उर्फ सुम्या, आफरीन शेख उर्फ चिंगी और वसीम शेख उर्फ मद्दा सहित कुल 21 आरोपी शामिल हैं। संबंधित पुलिस थानों को निर्देश दिए गए हैं कि तड़ीपार आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए और

किसी भी उल्लंघन पर तत्काल कार्रवाई की जाए। मुंबई पुलिस का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे, ताकि नागरिकों के लिए सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com