Pune Godown Fire Bopdev Ghat Accident: पुरंदर तालुका के बोपदेव घाट क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक बड़े अग्निकांड की घटना सामने आई। ग्रैंड पुरंदर होटल के पीछे स्थित एक गोदाम में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते गोदाम का बड़ा हिस्सा उसकी चपेट में आ गया। हादसे में लाखों रुपये मूल्य का मंडप और डेकोरेशन का सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार यह गोदाम कोंढवा के श्रद्धानगर निवासी सचिन रोहिदास गुंड का है। करीब 15 हजार वर्गफुट क्षेत्र में फैले इस गोदाम में शादी-विवाह और अन्य आयोजनों में उपयोग होने वाला मंडप, सजावटी सामग्री तथा डेकोरेशन का भारी मात्रा में सामान रखा गया था। शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे गोदाम की वायरिंग में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे आग भड़क उठी।
घटना की जानकारी मिलते ही सासवड पुलिस स्टेशन, सासवड नगर परिषद तथा कोंढवा फायर ब्रिगेड को सूचित किया गया। सूचना मिलने के मात्र 15 से 20 मिनट के भीतर सासवड पुलिस और नगर परिषद की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए कोंढवा फायर ब्रिगेड से भी दो दमकल वाहन और एक पानी का टैंकर राहत एवं बचाव कार्य के लिए भेजा गया।
दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए काफी प्रयास किए, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। आग की लपटों ने गोदाम में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया।
ये भी पढ़ें:- महाराष्ट्र एमएसपी समिति ने किया छत्तीसगढ़ की धान खरीदी प्रणाली का अध्ययन, डॉ. परिणय फुके सौंपेंगे रिपोर्ट
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग की वजह से लगभग चार हजार वर्गफुट क्षेत्र में रखा मंडप और डेकोरेशन का सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। इस हादसे में करीब 25 से 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि समय रहते दमकल विभाग की टीम पहुंचने से आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना की रिपोर्ट सासवड पुलिस स्टेशन में दर्ज कर ली गई है। पुलिस निरीक्षक संतोष घोलवे के मार्गदर्शन में मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और संबंधित विभाग घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। इस घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और विद्युत उपकरणों की जांच को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।