

Maharashtra MSP Paddy Procurement System: राज्य के धान उत्पादक किसानों को बेहतर समर्थन मूल्य, पारदर्शी खरीदी व्यवस्था तथा समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राज्य शासन की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) अध्ययन समिति ने छत्तीसगढ़ राज्य की धान खरीदी व्यवस्था का विस्तृत अध्ययन किया। समिति के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. परिणय फुके के नेतृत्व में यह अध्ययन दौरा संपन्न हुआ।
डॉ. फुके ने कहा कि अध्ययन के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर राज्य सरकार को आवश्यक सिफारिशें भेजी जाएंगी, जिससे महाराष्ट्र के लाखों धान उत्पादक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। बैठक में विधायक विनोद अग्रवाल, विधायक संजय पुराम, विधायक राजू कारेमोरे, सभापति शशिकांत दिवे,
संचालक जितेंद्र कुमार शुक्ला, सहायक संचालक योगेंद्र श्रीवास तथा संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। समिति ने बारदाना प्रबंधन, नए एवं पुराने बारदानों का लेखा-जोखा, किसानों को 48 घंटे के भीतर भुगतान की व्यवस्था तथा बैंकिंग नियोजन का अध्ययन किया। साथ ही खरीदी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए विकसित आधुनिक कंप्यूटरीकृत प्रणाली का भी निरीक्षण किया।
दौरे में समिति के सदस्यों तथा भंडारा और गोंदिया जिले के जनप्रतिनिधियों ने छत्तीसगढ़ की धान खरीदी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया। समिति ने वहां की समर्थन मूल्य व्यवस्था, किसानों के हित में लागू योजनाओं तथा खरीदी केंद्रों की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयालदास बघेल ने राज्य की धान खरीदी व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।