Tehseen Poonawalla Social Media Post: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की मां पुणे में एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई हैं। एक पेट्रोल पंप पर खड़ी उनकी मां को एक SUV ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और फिलहाल अस्पताल में उपचाराधीन हैं।
यह पूरी घटना पुणे के एक पेट्रोल पंप पर उस समय हुई जब वह वहां खड़ी थीं। सोशल मीडिया पर साझा किए गए हादसे के वीडियो में देखा जा सकता है कि शहजाद की मां पेट्रोल पंप पर खड़ी होकर अपनी दाईं ओर देख रही थीं। इसी दौरान वहां मौजूद एक सफेद रंग की SUV अचानक बैक होने लगी। ड्राइवर ने बिना देखे तेजी से गाड़ी पीछे की, जिसने उन्हें सीधे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह जमीन पर गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे को अंजाम देने के बाद ड्राइवर ने मानवीयता दिखाने के बजाय अपनी कार लेकर मौके से फरार होना बेहतर समझा।
इस दुर्घटना में पूनावाला की मां को गंभीर शारीरिक क्षति पहुंची है। शहजाद के भाई तहसीन पूनावाला ने इस मामले पर ताजा अपडेट साझा करते हुए बताया कि उनकी मां एक वरिष्ठ नागरिक हैं और इस उम्र में इस तरह की चोट बहुत पीड़ादायक है। हादसे के कारण उनके कूल्हे की हड्डी (Hip) टूट गई है, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सर्जरी की है। शहजाद पूनावाला ने खुद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी कि उनकी माताजी की बहुत जल्द एक और बड़ी सर्जरी करनी पड़ेगी और उन्होंने जनता से उनके स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना करने की अपील की है।
इस घटना ने पूनावाला परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर इस हादसे की जानकारी साझा करते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने दावा किया कि एक व्यक्ति ने 'जानबूझकर' उनकी मां को टक्कर मारी और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर मौके से भाग गया। उन्होंने भावुक होते हुए लिखा कि उनकी मां दुनिया के सबसे दयालु और अच्छे इंसानों में से एक हैं और इस उम्र में उनके साथ ऐसी घटना होना उन्हें अंदर तक कचोट रहा है। शहजाद ने पुणे पुलिस को टैग करते हुए आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और उसे सख्त से सख्त सजा सुनिश्चित करने की मांग की है।
शहजाद के भाई तहसीन पूनावाला ने भी इस घटना से जुड़े वीडियो एविडेंस सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किए हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के समय उनका एक सहयोगी कार के पास था, जिसने देखा कि आरोपी किस तरह उनकी मां को टक्कर मारकर भाग निकला। वीडियो में साफ तौर पर ड्राइवर की लापरवाही और संवेदनहीनता नजर आ रही है। तहसीन ने यह भी बताया कि परिवार इस समय अस्पताल में है और वे अपनी मां की देखभाल में जुटे हुए हैं।
पुणे पुलिस ने इस हाई-प्रोफाइल मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों और तहसीन द्वारा साझा किए गए वीडियो के आधार पर फरार SUV और उसके मालिक की पहचान करने में जुटी है। अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह केवल लापरवाही का मामला था या इसके पीछे शहजाद पूनावाला के आरोपों के अनुसार कोई मंशा छिपी थी।