कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर यौन शोषण और दुष्कर्म के आरोप लगाने वाली महिला वृंदावन पहुंचीं।
महाराष्ट्र के काशीमीरा थाने में शिकायत के आधार पर जीरो एफआईआर दर्ज होने की जानकारी है।
शिकायतकर्ता ने 200 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं के शोषण का दावा किया है।
महिला ने कथावाचक पर विवाह और दो बच्चों की जानकारी छिपाने का आरोप लगाया।
Indradev Maharaj Harassment Allegations: नासिक में धर्म, अध्यात्म और कथा प्रवचनों के माध्यम से समाज को नैतिकता, संस्कार और चरित्र की सीख देने वाले कथावाचकों की जवाबदेही को लेकर एक गंभीर सवाल खड़ा हो गया है। कथावाचक इंद्रदेव महाराज पर यौन शोषण और दुष्कर्म के आरोप लगाने वाली महाराष्ट्र की एक महिला अब मामले की जांच और बयान दर्ज कराने के लिए वृंदावन पहुंच गई हैं।
महाराष्ट्र से शुरू हुआ यह मामला अब धार्मिक नगरी वृंदावन तक पहुंचने के बाद चर्चा का विषय बन गया है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, महाराष्ट्र के काशीमीरा थाने में महिला की शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई थी। इसके बाद मामला उत्तर प्रदेश के वृंदावन कोतवाली स्थानांतरित किया गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार की ओर से पीड़िता को बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया गया था। इसी सिलसिले में महिला वृंदावन पहुंची हैं। अब पुलिस जांच और मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया इस मामले में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे गंभीर और चौंकाने वाला दावा पीड़िता की ओर से किया गया है। मीडिया से बातचीत में महिला ने आरोप लगाया कि कथावाचक इंद्रदेव महाराज ने केवल उनके साथ ही नहीं, बल्कि 200 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं का शारीरिक शोषण किया है।पीड़िता का कहना है कि सामाजिक प्रतिष्ठा, बदनामी के डर और दबाव के कारण कई महिलाएं सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही हैं।
हालांकि 200 से अधिक महिलाओं के शोषण का यह दावा फिलहाल पीड़िता का आरोप है। इसकी स्वतंत्र पुष्टि और जांच एजेंसियों द्वारा सत्यापन होना बाकी है। यदि इस दावे में तथ्य सामने आते हैं तो मामला केवल एक महिला की शिकायत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि व्यापक जांच की आवश्यकता पैदा होगी।
पीड़िता ने कथावाचक पर अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाने का भी आरोप लगाया है। महिला के अनुसार इंद्रदेव महाराज विवाहित हैं और उनके बच्चे भी हैं, लेकिन कथित तौर पर उन्होंने अपनी वास्तविक पारिवारिक स्थिति छिपाई। इसके अलावा पीड़िता ने घटनाक्रम के दौरान पांच करोड़ रुपये की मांग किए जाने का आरोप भी लगाया है। इस आरोप के पीछे की परिस्थितियों और कथित लेन-देन की वास्तविकता की जांच होना आवश्यक है।