

राहुल गांधी की शिव-पार्वती पोस्ट पर बीजेपी ने उठाए सवाल।
बीजेपी ने हलेबीडु मंदिर के इतिहास का हवाला दिया।
अलाउद्दीन खिलजी और मोहम्मद बिन तुगलक के हमलों का जिक्र।
सोनिया गांधी की किताब के विमोचन वाले बयान से भी जुड़ा विवाद।
Rahul Gandhi Lord Shiva Parvati Post: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। राहुल गांधी ने हाल ही में भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर साझा कर प्रेम और रिश्तों को लेकर एक संदेश दिया था। अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने इतिहास का हवाला देते हुए राहुल गांधी से कई सवाल पूछे हैं।
बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राहुल गांधी ने कर्नाटक के हलेबीडु मंदिर परिसर की तस्वीर साझा की है, इसलिए उन्हें कुछ ऐतिहासिक सवालों के जवाब देने चाहिए। पार्टी ने पूछा कि क्या राहुल गांधी जानते हैं कि होयसला साम्राज्य की राजधानी द्वारसमुद्र का नाम बाद में हलेबीडु यानी 'पुरानी राजधानी' क्यों पड़ा?
बीजेपी ने अपने पोस्ट में कहा कि साल 1311 में अलाउद्दीन खिलजी के सेनापति मलिक काफूर और 1326-27 में मोहम्मद बिन तुगलक की सेना ने इस इलाके में लूटपाट और तबाही मचाई थी। पार्टी ने राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या वह इन हमलों का नाम लेकर उनकी निंदा करने का साहस दिखाएंगे?
पार्टी ने आगे कहा कि हलेबीडु मंदिर परिसर में आज भी कई देवी-देवताओं की मूर्तियां खंडित अवस्था में मौजूद हैं। बीजेपी ने सवाल उठाया कि इन मूर्तियों को किसने तोड़ा और क्या राहुल गांधी उन लोगों की आलोचना कर सकते हैं, जो इसके लिए जिम्मेदार थे? बीजेपी ने अपनी पोस्ट में लिखा, सत्यम शिवम सुंदरम में सबसे पहले सत्यम आता है, राहुल गांधी. क्या आपको यह पता था?
राहुल गांधी ने शिव-पार्वती की यह तस्वीर ऐसे समय साझा की थी, जब उनके एक हालिया बयान को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही थी। उन्होंने अपनी मां सोनिया गांधी की किताब 'Belonging' के विमोचन कार्यक्रम में कहा था कि उनकी मां अक्सर खाने के दौरान राजीव गांधी की गोद में बैठ जाया करती थीं।
राहुल गांधी के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि माता-पिता के निजी और प्रेमपूर्ण पलों का इस तरह जिक्र नहीं किया जाना चाहिए।
इसके बाद राहुल गांधी ने एक्स पर भगवान शिव और माता पार्वती की तस्वीर साझा की। इसके जरिए उन्होंने प्रेम, सम्मान और बराबरी पर आधारित रिश्ते का संदेश देने की कोशिश की। यह तस्वीर कर्नाटक के हलेबीडु मंदिर परिसर की थी।