फ्रेंडशिप डे पर पर्यटकों का हुजूम (फोटो नवभारत) 
नासिक

Friendship Day पर सुहाने मौसम ने बढ़ाई रौनक, नासिक में त्र्यंबकेश्वर से इगतपुरी तक पर्यटन स्थल गुलज़ार

Friendship Day और सुहावने मानसून के बीच नासिक के सोमेश्वर, त्र्यंबकेश्वर, इगतपुरी व अन्य पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, प्रशासन ने सुरक्षा सलाह जारी की।

आलोक उमाकृष्ण

Tourist Rush On Friendship Day: अगस्त महीने का पहला रविवार, सुहावना मानसूनी मौसम और प्रकृति के मनमोहक दृश्य के संगम के कारण नासिक शहर और आसपास के इलाकों में पर्यटकों का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

छुट्टी का दिन होने के कारण हजारों नासिक वासियों के साथ-साथ मुंबई और ठाणे से आए पर्यटकों ने विभिन्न पर्यटन स्थलों पर भारी भीड़ जुटाई। इसके साथ ही 'अंतर्राष्ट्रीय फ्रेंडशिप डे' होने के कारण इस निसर्गमयी माहौल में युवाओं का उत्साह चरम पर रहा।

सोमेश्वर और त्र्यंबकेश्वर में भारी भीड़

विगत कुछ दिनों से जारी झमाझम बारिश के कारण नासिक जिले के प्रमुख झरने पूरे वेग से प्रवाहित हो रहे हैं। गंगापुर बांध से गोदावरी नदी में पानी छोड़े जाने के कारण सोमेश्वर स्थित प्रसिद्ध झरना अपने विहंगम रूप में बह रहा है। इस मनमोहक दृश्य को देखने के लिए दोपहर से ही सोमेश्वर और आनंदवल्ली क्षेत्र में लोगों का तांता लगा रहा। सोमेश्वर स्थित ऐतिहासिक महादेव मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

दूसरी ओर, श्रावण मास समीप होने के कारण त्र्यंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं। ब्रह्मगिरि पर्वत और अंभोली घाट के झरनों का आनंद लेने के लिए पिकनिक आयोजित की गई थीं। इगतपुरी, भावली बांध और कसारा घाट क्षेत्र में सुबह से ही घने कोहरे की चादर छाई रही, जिसका लुत्फ उठाने बड़ी संख्या में मुंबई से पर्यटक पहुँचे।

रिमझिम बारिश में युवाओं ने मनाया 'फ्रेंडशिप डे'

इस वर्ष का फ्रेंडशिप डे नासिक के युवाओं के लिए बेहद खास रहा। सप्ताहांत की छुट्टियों के चलते कॉलेज के दोस्तों के ग्रुप ट्रेकिंग के लिए प्रकृति की गोद में पहुँचे। कई समूहों ने अंजनेरी, हरिहर गढ़ और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में 'फ्रेंडशिप ट्रेक' का आयोजन किया। रिमझिम बारिश और धुंध के बीच दोस्तों ने सेल्फी लेकर और संगीत की धुन पर झूमकर दोस्ती का जश्न मनाया। इसके अलावा शहर के कॉलेज रोड, गंगापुर रोड और महात्मा नगर स्थित कैफे तथा रेस्तरां हाउसफुल रहे।

प्रशासन की सुरक्षा अपील

पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सोमेश्वर झरने और अन्य संवेदनशील स्थलों पर कड़ा सुरक्षा घेरा तैनात किया है। प्रशासन ने चालकों को धुंध में सावधानी से वाहन चलाने और झरनों के गहरे पानी में न उतरने की सख्त हिदायत दी है।

पॉलीथीन की थैलियों में भरा जा रहा था चढ़ावा, खराब किए QR कोड; बांके बिहारी मंदिर मामले में भड़का सुप्रीम कोर्ट

गरीबों की सेवा से नोबेल और भारत रत्न तक, जानिए मदर टेरेसा की जिंदगी की पूरी कहानी

गांधी खानदान की बहू, पर BJP में बनाई धाक; परिवार की सियासत से अलग मेनका गांधी ने यूं तय किया राजनीतिक सफर

त्योहारों के रंग में रंगा देश, PM मोदी और अन्य नेताओं ने दी ओणम और ईद-ए-मिलाद-उन-नबी की बधाई

यह इस्लाम पर हमला...हिजाब के खिलाफ हाईकोर्ट के फैसले पर बिफरे ओवैसी, कहा- आप कौन हैं नियम तय करने वाले