

Virar Dahanu Quadrupling Project: पश्चिम रेलवे पर विरार से डहाणू रोड तक रेल यातायात को और सुगम बनाने के लिए चल रहे विरार-डहाणू रोड चौपदरीकरण प्रोजेक्ट का काम फ़ास्ट ट्रैक पर है। MRVC द्वारा किए जा रहे इस बहुउद्देश्यीय प्रोजेक्ट से उपनगरीय यात्रियों को भीड़ से राहत मिलने के साथ स्टेशन की क्षमता कई गुना बढ़ेगी।
एमआरवीसी अधिकारियों के अनुसार प्रोजेक्ट के तहत कई अहम संरचनाएं पूरी हो चुकी हैं। RPF/GRP बिल्डिंग, RRI बिल्डिंग, विरार-वैतरणा के बीच मिड-सेक्शन RRI बिल्डिंग, OC रूम 1 व 2 के सिविल कार्य, प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर दो नाला एप्रोच ब्रिज, ओवरहेड वाटर टैंक, गैंग टूल रूम और इंडोर सबस्टेशन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। विरार-वैतरणा के बीच नरंगी गेट के पास फुट ओवर ब्रिज भी बनकर शुरू हो चुका है।
स्टेशन के सबसे बड़े हिस्से यानी नई विरार रेलवे स्टेशन की बिल्डिंग और लगभग 8000 वर्ग मीटर के एलीवेटेड डेक का काम तेजी से चल रहा है। अब तक 36 कॉलम खड़े किए जा चुके हैं, 160 गर्डर लॉन्च किए जा चुके हैं और 2000 वर्ग मीटर डेक स्लैब का कास्टिंग हो चुका है। Stilt +3 मंजिला नई स्टेशन बिल्डिंग की तीसरी स्लैब भी डाली जा चुकी है और फिनिशिंग कार्य प्रगति पर है।
निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों को असुविधा न हो, इसके लिए प्लेटफॉर्म 3 और 4 की सेवा देने वाले पुराने बुकिंग ऑफिस को नई स्टेशन बिल्डिंग में शिफ्ट कर दिया गया है। साथ ही स्टेशन के पूर्वी हिस्से में 3 टिकट काउंटर वाला नया बुकिंग ऑफिस बनकर शुरू भी हो गया है।
यात्री सुविधा के लिए विरार में प्लेटफॉर्म का भी बड़े पैमाने पर विस्तार किया गया है। प्लेटफॉर्म 3A और 4A की चौड़ाई 6.5 मीटर से बढ़ाकर 10.5 मीटर की गई है और इन्हें 60 मीटर लंबा भी किया गया है। इससे यात्रियों की आवाजाही और ट्रेनों के परिचालन की क्षमता काफी बढ़ेगी। इसी तरह प्लेटफॉर्म नंबर 8 के लिए रिटेनिंग वॉल और शेड के फाउंडेशन का काम पूरा हो चुका है। प्लेटफॉर्म 5B का सिविल कार्य भी पूरा कर इसे 15-कोच वाली EMU ट्रेनों के लिए शुरू कर दिया गया है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह व्यापक पुनर्विकास विरार स्टेशन को बढ़ते उपनगरीय यातायात को संभालने में सक्षम बनाएगा। चौपदरीकरण पूरा होने के बाद विरार से डहाणू तक लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी बढ़ेगी, जिससे रोजाना लाखों यात्रियों को फायदा होगा। MRVC के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी काम तय समयसीमा में पूरे करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
विरार स्टेशन अब आधुनिक सुविधाओं, चौड़े प्लेटफॉर्म और बड़े एलीवेटेड डेक के साथ पश्चिमी उपनगरों का एक प्रमुख ट्रांजिट हब बनने की ओर बढ़ रहा है। स्टेशन पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान यात्रियों से सहयोग की अपील की गई है।