सिमस्थ कुंभ मेले में हेलीकॉप्टर सेवा ठप सोर्स: सोशल मीडिया
नासिक

शुरू होने से पहले ठप हुई हेलिकॉप्टर सेवा, नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ में ढाई करोड़ के 3 हेलीपैड बेकार

Nashik Trimbakeshwar Helicopter Service: नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ में श्रद्धालुओं के लिए प्रस्तावित हेलिकॉप्टर सेवा शुरू नहीं हुई। निजी ऑपरेटरों की रुचि नहीं मिलने पर 30 नवंबर तक आवेदन मांगे गए हैं।

मनीषा बोंदरे

Highlights

  • नासिक-त्र्यंबकेश्वर में करीब ₹2.5 करोड़ की लागत से तीन हेलीपैड तैयार।

  • निजी ऑपरेटरों की रुचि नहीं मिलने से 2 नवंबर से सेवा शुरू नहीं हुई।

  • महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी ने 30 नवंबर तक आवेदन मांगे।

Helicopter Service Stalled Simhastha Kumbh Mela: नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों के तहत श्रद्धालुओं के लिए प्रस्तावित सशुल्क हेलिकॉप्टर सेवा तय तारीख पर शुरू नहीं हो सकी। करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से बने तीन हेलीपैड के बावजूद निजी हेलिकॉप्टर ऑपरेटरों ने रुचि नहीं दिखाई। अब महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी ने 30 नवंबर तक रुचि पत्र मांगे हैं।

शुरू होने से पहले ही अटकी हेलिकॉप्टर सेवा

नासिक-त्र्यंबकेश्वर सिंहस्थ कुंभमेले की पृष्ठभूमि में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की यात्रा आसान बनाने की योजना को झटका लगा है। त्र्यंबकेश्वर में प्रस्तावित सशुल्क हेलिकॉप्टर सेवा तय तारीख पर शुरू नहीं हो सकी। करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से तैयार तीन हेलीपैड होने के बावजूद निजी हेलिकॉप्टर ऑपरेटरों ने इस सेवा में रुचि नहीं दिखाई।

कुंभमेला प्राधिकरण ने 2 नवंबर से श्रद्धालुओं को मुंबई, नवी मुंबई, पुणे, सूरत, जलगांव, धुलिया और छत्रपति संभाजीनगर से हेलिकॉप्टर के जरिए त्र्यंबकेश्वर पहुंचाने की योजना बनाई थी। लेकिन ऑपरेटरों की ओर से प्रस्ताव नहीं मिलने के कारण शुरुआत टल गई।

ढाई करोड़ खर्च कर बनाए गए तीन हेलीपैड

हाल ही में सिंहस्थ कुंभमेले के ध्वजारोहण समारोह के दौरान अतिविशिष्ट अतिथियों की आवाजाही के लिए त्र्यंबकेश्वर में करीब ढाई करोड़ रुपये खर्च कर तीन हेलीपैड बनाए गए थे। कुंभमेला प्राधिकरण की योजना इनका उपयोग श्रद्धालुओं के लिए भी करने की थी।

प्रस्ताव के अनुसार, 6 से 8 यात्रियों की क्षमता वाले हेलिकॉप्टर चलाए जाने थे। श्रद्धालुओं को हेलीपैड से मंदिर तक स्थानीय टैक्सी की सुविधा देने और करीब ढाई हजार रुपये में चार घंटे के भीतर दर्शन कराने का पैकेज भी तैयार किया गया था।

ऑपरेटरों के सामने खर्च का सवाल

सूत्रों के अनुसार, हेलिकॉप्टरों के रखरखाव और संचालन सहित अन्य खर्चों का आर्थिक गणित अनुकूल नहीं होने के कारण निजी ऑपरेटरों ने इस योजना में रुचि नहीं दिखाई। नतीजतन, निर्धारित तारीख बीतने के बाद भी सेवा शुरू नहीं हो पाई।

इस योजना से स्थानीय टैक्सी चालकों और कारोबारियों को भी रोजगार मिलने की उम्मीद थी। सेवा शुरू नहीं होने से उनकी अपेक्षाओं को झटका लगा है। श्रद्धालुओं के बीच भी यह सवाल उठ रहा है कि प्रस्ताव तैयार होने के बावजूद संचालन की व्यवस्था पहले क्यों नहीं की गई।

30 नवंबर तक आवेदन की समयसीमा

इस सेवा की प्रक्रिया महाराष्ट्र एयरपोर्ट डेवलपमेंट कंपनी के माध्यम से संचालित की जा रही है। कंपनी ने इच्छुक हेलिकॉप्टर ऑपरेटरों से एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट यानी रुचि पत्र आमंत्रित किए हैं। इसके लिए 30 नवंबर तक आवेदन करने की समयसीमा तय की गई है।

कुंभमेला प्राधिकरण के सहायक आयुक्त कमलाकर रणदिवे के अनुसार, प्राप्त आवेदनों में कोई त्रुटि मिलने पर संबंधित ऑपरेटरों को उसे सुधारने का अवसर दिया जाएगा। इसके बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

रखरखाव और सुरक्षा पर भी सवाल

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे के दौरान खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर के बजाय सड़क मार्ग से त्र्यंबकेश्वर पहुंचने का निर्णय लिया गया था। इसके बाद से हेलीपैड उपयोग के इंतजार में हैं। इनके रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

अब 30 नवंबर तक आने वाले प्रस्तावों पर निर्भर करेगा कि श्रद्धालुओं के लिए हेलिकॉप्टर सेवा कब शुरू हो पाती है।

मामा की बेटी से शादी पर लगेगी रोक? सुप्रीम कोर्ट में बड़ी सुनवाई, जानें पूरा मामला

Aaj Ka Mausam: मौसम का बदला मिजाज, पूर्वोत्तर में भारी बारिश, दिल्ली-यूपी में कोहरा; कई राज्यों में बदला मौसम

क्रिकेट के मैदान से सियासत तक चहल की नई पारी! BJP में बड़ी जिम्मेदारी मिलते ही आया पहला रिएक्शन

LPG गैस वाले सावधान! 75 लाख ग्राहकों के कटे नाम; तुरंत करें ये काम, नहीं तो कट जाएगा आपका नाम

रेलवे का बड़ा फैसला! ग्रुप टिकट के नियम बदले, जानें अब एक साथ कितनी सीटें बुक होंगी?