दादा भुसे वाडिया अस्पताल लोकार्पण सोर्स: सोशल मीडिया
नासिक

15 Cr से चमका वाडिया अस्पताल, नासिक-मालेगांव में मंत्री दादा भुसे ने किया लोकार्पण; 100 बेड का अस्पताल तैयार

Nashik Malegaon Wadia Hospital: नासिक के मालेगांव के ऐतिहासिक वाडिया अस्पताल का 15 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण हुआ है। अब 100 बेड के अस्पताल में प्रसूति, सिजेरियन और कई उपचार सुविधाएं मिलेंगी।

मनीषा बोंदरे

Nashik Wadia Hospital Malegaon Health Services: नासिक जिले के मालेगांव महानगरपालिका ने करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से ऐतिहासिक वाडिया अस्पताल का आधुनिकीकरण किया है। अब यह 100 बेड का अस्पताल बन गया है, जहां प्रसूति, सिजेरियन, बाल रोग, मधुमेह, रक्तचाप और दमा समेत कई उपचार सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

15 करोड़ से हुआ अस्पताल का कायाकल्प

नासिक जिले के मालेगांव महानगरपालिका की ओर से करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए गए ऐतिहासिक वाडिया अस्पताल का लोकार्पण राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री दादा भुसे ने किया। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में अस्पताल को नागरिकों के लिए समर्पित किया गया।

मंत्री दादा भुसे ने कहा कि अस्पताल के शुरू होने से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं अपने शहर में ही मिल सकेंगी। अस्पताल के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरण, विशेषज्ञ डॉक्टर और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शासन स्तर पर हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन भी उन्होंने दिया।

100 बेड का अस्पताल, कई उपचार सुविधाएं

आधुनिकीकरण के बाद वाडिया अस्पताल को 100 बेड की क्षमता में परिवर्तित किया गया है। अस्पताल में करीब 1 करोड़ रुपये के फर्नीचर और चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा ऑक्सीजन प्लांट और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था भी शुरू की गई है।

यहां गर्भवती महिलाओं की जांच, प्रसूति और सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा के साथ माता-बाल स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बाल रोग, मधुमेह, रक्तचाप और दमा सहित विभिन्न बीमारियों के उपचार की व्यवस्था भी की गई है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की जरूरत

चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जितेंद्र डोलारे ने कहा कि अस्पताल को व्यापक स्वास्थ्य सेवाओं का केंद्र बनाने के लिए स्त्री रोग, बाल रोग और नेत्र रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति जरूरी है।

महापौर शेख नसरीन बानो मोहम्मद खालिद ने भी अनुभवी डॉक्टरों, सर्जन और पर्याप्त चिकित्सा कर्मचारियों की उपलब्धता पर जोर दिया। उन्होंने शासन से अस्पताल के लिए आवश्यक मनुष्यबल और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने की मांग की।

मंत्री भुसे ने महात्मा ज्योतिराव फुले जनआरोग्य योजना समेत केंद्र और राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ नागरिकों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज की उचित जांच और उपचार सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय से विशेषज्ञ डॉक्टर और उपकरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

स्वच्छता और रखरखाव पर भी जोर

भुसे ने कहा कि किसी भी प्रकल्प का निर्माण जितना महत्वपूर्ण है, उतना ही जरूरी उसका रखरखाव और संरक्षण भी है। अस्पताल को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना मनपा प्रशासन के साथ नागरिकों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा और अस्पताल परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

अजान के दौरान रोका भाषण

कार्यक्रम के दौरान मंत्री दादा भुसे का भाषण चल रहा था, तभी मगरिब की अजान शुरू हुई। अजान की आवाज सुनते ही भुसे ने अपना भाषण रोक दिया और मंच पर बैठ गए। अजान पूरी होने के बाद उन्होंने दोबारा भाषण शुरू किया। उनके इस कदम की कार्यक्रम में चर्चा रही।

मनपा स्कूलों के आधुनिकीकरण पर भी जोर

भुसे ने स्वास्थ्य के साथ शिक्षा क्षेत्र को भी प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि मनपा स्कूलों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चे शिक्षा लेते हैं। इन स्कूलों में बेहतर सुविधाओं के लिए आधुनिकीकरण जरूरी है। उन्होंने स्कूलों के विकास में धन के साथ शिक्षकों के समर्पण और समाज की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।

खुले आकाश में परिंदों की लंबी उड़ान, राजस्थान के जैसलमेर के डेजर्ट नेशनल पार्क से आई खूबसूरत तस्वीरें

अमृतसर में हथियार सप्लायर गिरफ्तार, AK-47, कारतूस और 2 हैंड ग्रेनेड बरामद, पाकिस्तान से हो सकता है कनेक्शन

…लेकिन विभागों में क्यों असहमति? देश की पुरानी लाइब्रेरी की शिफ्टिंग में फंसा पेंच, सोमवार को SC में सुनवाई

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश, केरल में कांग्रेस नेता की शिकायत पर खुली 20 साल पुरानी फाइल

पूर्व CBI निदेशक नागेश्वर राव की राजनीति में धमाकेदार एंट्री: सर्वजन सनातन पार्टी बनाकर मोदी को देंगे टक्कर!