नासिक के हेमंत हेमाडे मौत मामले में बेटे यश हेमाडे और ससुर मल्लिकार्जुन उमदी की हिरासत 26 नवंबर तक बढ़ी।
संपत्ति विवाद और कथित दबाव बनाने के तरीकों की जांच जारी।
गैस एजेंसी और निजी कारोबार के संबंधों की भी पड़ताल।
फरार बहू भाग्यश्री और बेटी प्रियंका की तलाश जारी।
पुराने एनसी मामलों और कथित धमकियों की जांच के दायरे में।
Nashik Crime Hemade Suicide Property Dispute: नासिक के सेवानिवृत्त सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हेमंत हेमाडे की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच का दायरा बढ़ा है। गिरफ्तार बेटे यश हेमाडे और ससुर मल्लिकार्जुन उमदी की पुलिस हिरासत 26 नवंबर तक बढ़ा दी गई है। पुलिस अब संपत्ति विवाद के साथ कारोबारी संबंधों और पुराने गैर-संज्ञेय मामलों की भी पड़ताल कर रही है।
सेवानिवृत्त सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी हेमंत गोविंद हेमाडे (59) की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच का दायरा बढ़ता जा रहा है। रविवार, 23 नवंबर को पुलिस हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद गिरफ्तार बेटे यश हेमाडे और ससुर मल्लिकार्जुन उमदी को न्यायालय में पेश किया गया। संपत्ति विवाद की वजह, उसके बढ़ने की परिस्थितियों और कथित तौर पर दबाव बनाने के तरीकों का पता लगाने के लिए न्यायालय ने दोनों की पुलिस हिरासत 26 नवंबर तक बढ़ा दी।
नासिक जिले की गंगापुर पुलिस अब जांच को केवल पारिवारिक विवाद तक सीमित नहीं रख रही है। पुलिस संदिग्ध यश के गैस एजेंसी व्यवसाय, मल्लिकार्जुन उमदी के निजी कारोबार और फरार बहू भाग्यश्री तथा बेटी प्रियंका कुणाल खोपकर के बीच कथित व्यावसायिक संबंधों की भी जांच कर रही है।
फरार भाग्यश्री और प्रियंका की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। मामले की जांच जमीर शेख कर रहे हैं।
हेमाडे की पत्नी योगिता ने 20 नवंबर को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि अक्टूबर 2021 में हेमंत हेमाडे से पंजीकृत पुनर्विवाह के बाद से यश और प्रियंका की ओर से विरोध और प्रताड़ना शुरू हो गई थी।
शिकायत के अनुसार, संपत्ति पर अधिकार छोड़ने और दावे वापस लेने के लिए दबाव बनाया जाता था। सुनवाई में जाने पर गंभीर परिणाम भुगतने जैसी धमकियां दिए जाने का भी आरोप है। पुलिस इन शिकायतों और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पुलिस पिछले चार वर्षों के घटनाक्रम की भी पड़ताल कर रही है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, अप्रैल 2022 में मारपीट की पहली गैर-संज्ञेय शिकायत दर्ज हुई थी। जून 2023 में तोड़फोड़ और धमकियों, अक्टूबर 2023 में दिवंगत पत्नी वैशाली के निधन के बाद हुए विवाद तथा मार्च 2026 में कथित घरेलू हमले से जुड़े मामले भी जांच के दायरे में हैं।
अप्रैल और मई 2026 में दर्ज एनसी शिकायतों के बावजूद निवारक कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
जान को खतरा होने की आशंका के चलते हेमंत और योगिता हेमाडे ने पारिवारिक न्यायालय का रुख किया था। शिकायत के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 को 100 मीटर के दायरे में नहीं आने का आदेश होने के बावजूद 27-28 अप्रैल और 18 मई को घर के पास गाली-गलौज की गई। 20 और 23 मई को वाहनों पर अंडे, प्याज और आलू फेंकने का आरोप भी लगाया गया है।
इन घटनाओं से जुड़े CCTV फुटेज और संदेशों के स्क्रीनशॉट पेनड्राइव के माध्यम से पुलिस को सौंपे जाने की जानकारी दी गई है। पुलिस अब इन साक्ष्यों और पुराने शिकायत रिकॉर्ड के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।